Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

आंध्र प्रदेश के लिए कांग्रेस का बड़ा एलान, जयराम रमेश बोले- 2024 में बनी सरकार तो देंगे विशेष राज्य का दर्जा


अमरावती, लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया है। कांग्रेस ने कहा कि अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी सरकार आती है तो वो आंध्र प्रदेश को विशेष श्रेणी के राज्य का दर्जा देगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा, ‘कांग्रेस ने 2014 में आंध्र प्रदेश के विभाजन के दौरान जो वादा किया था, उसे पूरा करेंगे।’

आंध्र प्रदेश में प्रवेश करेगी ‘भारत जोड़ो यात्रा’

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 18 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के बाद जयराम रमेश पार्टी नेता ओमान चांडी, दिग्विजय सिंह पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने आगे कहा, ‘अगर 2024 में हमारी सरकार बनती है और पार्टी का ही कोई नेता प्रधानमंत्री बनता है तो पहला हस्ताक्षर आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने पर होगा।’ जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने तो वादा किया है, मैं उसी को दोहरा रहा हूं। कांग्रेस नेता ने विश्वास के साथ कहा कि 2024 में कांग्रेस केंद्र में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बिना केंद्र में किसी की सरकार नहीं बन सकेगी।

दिग्विजय का आंध्र सरकार पर हमला

उधर, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने राज्य में सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और तेलुगू देशम पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों ही YSRCP और TDP से पूछना चाहते हैं कि विशेष श्रेणी के दर्जे पर क्या हुआ। वह उसके लिए लड़ क्यों नहीं रहे हैं जबकि हमने एक्ट में इसके लिए प्रावधान किया है। दिग्विजय ने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही भाजपा से लड़ और उसे हरा सकती है।