माइनस में तापमान, यूपी सहित सात राज्योंमें बढ़ी ठंड
नयी दिल्ली। हिमालय के तीन राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी शुरू हो गई है। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में गुलमर्ग व्हाइट वंडरलैंड में बदल गया है। उत्तराखंड में बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम भी बर्फ से ढंक गए हैं।हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों लाहौल और स्पीति और किन्नौर, कुल्लू में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट हुई है। देशभर से लोग बर्फबारी का नजारा देखने पहुंच रहे हैं। ताबो में पारा माइनस 2.2सेन्टीग्रेट, कुकुमसेरी में माइनस 1.8सेन्टीग्रेट और केलांग में 0.4 सेन्टीग्रेट दर्ज किया गया। इधर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में नजर आने लगा है। दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, झारखंड में ठंडी हवाएं चलने से तापमान में 3सेन्टीग्रेट तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों में अगले 3 दिन में ठंड जोर पकड़ लेगी।उत्तर भारत से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होने के साथ ही राजस्थान में मौसम साफ हो गया। बीकानेर, चूरू, गंगानगर, पिलानी समेत कुछ शहरों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते मौसम साफ रहने और उत्तरी हवाएं चलने की संभावना जताई है। अगले 24 से 48 घंटे के दौरान तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। जिसका असर अगले 48 घंटे के अंदर एमपी में भी देखने को मिल जाएगा। उत्तरी हिस्से सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। इस दौरान रात में पारा 2 से 3 डिग्री तक लुढ़केगा। सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल में दिखाई देगा। नीमच, मंदसौर, निवाड़ी टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, शाजापुर आदि जिलों में तेज ठंड रहेगी। झारखंड रांची में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री पर पहुंचा रांची समेत पूरे झारखंड में अब सर्दी बढ़ने लगी है। बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान लगातार तीसरे दिन गिरकर 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें बीते 24 घंटे के भीतर 0.1 डिग्री की और गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और ठंडी हवाएं उत्तर दिशा से राज्य की ओर बढ़ रही हैं। इससे अगले कुछ दिनों में तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट संभव है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अब तापमान में गिरावट होने लगी है। आने वाले तीन दिनों में 5 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना है। नौ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। अलग-अलग स्थानों पर कोहरा छा सकता है। तीन दिन बाद रात के तापमान में कमी आएगी। यह 2सेन्टीग्रेट से 4 सेन्टीग्रेट तक गिरेगा। राज्य के मध्य और उत्तरी हिस्सों में आज से ठंड बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। वहीं, अगले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी यही ट्रेंड देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.0 सेन्टीग्रेट रायपुर में दर्ज किया गया,जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.5सेन्टीग्रेट अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
तृतीय केदार तुंगनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद
रुद्रप्रयाग (एजेंसी)। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए आज बंद कर दिए गए हैं। इस वर्ष डेढ़ लाख तीर्थयात्रियों ने तुंगनाथ के दर्शन किए हैं। कपाट बंद होने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह डोली ने प्रथम पड़ाव चोपता के लिए प्रस्थान किया। इस अवसर पर 500 से अधिक श्रद्धालु कपाट बंद होने के साक्षी रहे।बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल की उपस्थिति में साढ़े दस बजे से कपाट बंद की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। भोग यज्ञ हवन पूजा के बाद भगवान तुंगनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि रूप दिया गया और 11.30 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
———————-





