नई दिल्ली, । भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने अपने संगठन भारतीय किसान यूनियन में हुई दो फाड़ के लिए भी केंद्र सरकार और राजनीतिज्ञों को जिम्मेदार ठहराया है। अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट से एक ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा है कि सरकारों का काम होता है किसान आंदोलन को तोड़ना, फूट डालना या कमजोर करना। हमारा धर्म है किसानों की आवाज को और बुलंद करना। उनके अधिकारों की रक्षा करना। आखिरी सांस तक किसानों की लड़ाई जारी रहेगी।
मालूम हो कि स्वर्गीय महेन्द्र सिंह टिकैत की 11वीं पुण्य तिथि 15 मई को लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन की महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, इसी बैठक में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का गठन किया गया। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पहले से ही कार्यरत होने पर नवगठित इकाई के अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान ने कहा कि वह लोग पंजीकृत नहीं हैं, जबकि हम लोग भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक को पंजीकृत करा चुके हैं।





