मनोरंजन

वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंची शिल्पा शेट्टी


चुलबुली एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में से एक हैं। सोशल मीडिया पर वह अपने ग्लैमरस फोटो के साथ ही ट्रेडिशनल फोटो-वीडियो भी शेयर करती रहती हैं। चाहे त्योहार हो या कोई और फंक्शन, ट्रेडिशनल लिबाज में लिपटी शिल्पा शेट्टी हर ओकेजन को पारंपरिक ढंग से मनाती हैं। एक्ट्रेस इन दिनों महादेव की नगरी काशी में है। कहा जाता है कि वाराणसी आए और गंगा आरती में नहीं शामिल हुए, तो क्या खाक काशी की खूबसूरती का लुत्फ उठाया। इसी बात को समझते हुए एक्ट्रेस काशी की गंगा आरती में शरीक हुईं। उनके साथ उनकी मां भी मौजूद रहीं। शिल्पा शेट्टी ने काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए और दशाश्वमेध घाट पर अपनी हाजिरी भी लगाई। वह गंगा आरती में शामिल हुईं और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर किया। शिल्पा की भक्ति ने कई फैंस को हैरान किया है। एक यूजर ने कमेंट किया, ‘मुझे यह पसंद है कि शिल्पा शेट्टी एक सेलिब्रिटी होने के नाते हमारी संस्कृति को जीवित रखती हैं। साथ ही कई अन्य लोगों को इसका पालन करने के लिए प्रेरित करती हैं। कुछ लोग इसे दिखावा कहेंगे, ठीक है, लेकिन वह कम से कम कुछ कर रही हैं। वरना दूसरे सब तो पश्चिमी सभ्यता को फॉलो कर रहे हैं। वह इस बात का आदर्श उदाहरण हैं कि कैसे पारंपरिक जीवन के साथ आधुनिक होना है।’ शिल्पा शेट्टी को शिव की नगरी में देख कई फैंस खुश हो गए हैं। एक यूजर ने लिखा कि बनारस दुनिया की सबसे डिवाइन और पवित्र जगह है। जय महादेव जय गंगा मैया।