गोरखपुर

विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों के वैज्ञानिक सोच की दिखी झलक


रुद्रपुर देवरिया (आज) उपनगर दूधेश्वर नाथ इंटरमीडिएट स्कूल के प्रांगण में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों के वैज्ञानिक सोच की झलक दिखी। विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री व विधायक जयप्रकाश निषाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी में हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी, कूलर, वेक्यूम क्लीनर, वाटर बबल, वाटर प्यूरीफायर, रॉकेट लॉन्चर, हाइड्रोलिक चेयर, मानव ह्रदय, बायोगैस प्लांट, मानव जीवन में विज्ञान का महत्व, एलपीजी गैस बनाना आदि मॉडल को प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने छात्रों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का काफी बारीकी से अवलोकन किया तथा उन्होंने कुछ मॉडल को चिह्नित कर उस पर आगे कार्य करने की सलाह दी। मुख्य अतिथि जयप्रकाश निषाद ने बच्चों के मनोबल को उत्साहित किया और कहा कि इस कार्यक्रम विद्यालय द्वारा कराने से बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ती है। उन्होंने कहा प्रोजेक्ट विधि द्वारा बच्चों में एक अधिगम का आगमन होता है और बच्चा अपने कौशल का सही उपयोग कर सकता है। जरूरत के हिसाब से विज्ञान के क्षेत्र में नए-नए अविष्कार जरूरी है।