गाजीपुर

सेना के रिटायर्ड जवान ने खुद को मारी गोली


जांच में जुटी पुलिस
भूडकुड़ा गाज़ीपुर। कोतवाली भुड़कुड़ा क्षेत्र के झोटना गांव में मंगलवार की रात सेना के रिटायर्ड जवान देवानंद सिंह 55 वर्ष पुत्र स्व. पारसनाथ सिंह ने अपनी लाइसेंसी एस.बी.बी.एल. बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी शशिकला देवी ने दी गई तहरीर में बताया कि देवानंद सिंह पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी पत्नी शशिकला देवी मायके समेदा, जिला आज़मगढ़ में रहती हैं, जबकि पुत्र ज्ञानू सिंह 33 वर्ष मुंबई में नौकरी करता है।पुलिस ने बताया कि घर का दरवाज़ा अंदर से चारों तरफ से बंद था। ग्रामीणों की मौजूदगी में दरवाज़ा तोड़कर शव को कब्जे में लिया गया। शशिकला देवी ने बताया कि उनके पति आर्मी से रिटायर होने के बाद अकेले घर में रहते थे, मानसिक रूप से परेशान थे और शराब पीने के शौकीन थे, इस वजह से वह मायके में रह रही थीं। घटना की सूचना मिलने पर वे सुबह गांव पहुंचीं। प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक ने सीने और पेट के बीच अपनी बंदूक से गोली मारी थी, जिससे बंदूक का नाल भी सीने में धंस गया था। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने बंदूक और खोखा कब्जे में लेकर लैब भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।