पटना

अरवल: पांच लाख का रंगदारी मांगने वाले दो माओवादियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


जाल बिछाकर हुई गिरफ्तारी, एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी

अरवल। जिले के किंजर थाना अंतर्गत झिकटिया गांव से प्रतिबंधित नक्सली संगठन के दो माओवादियों को एसटीएफ़ ने स्थानीय पुलिस की मदद से जाल बिछाकर गिरफ्तार किया। इस संबंध में एसपी राजीव रंजन ने जानकारी देते हुए कहा कि गिरफ्तार माओवादीओं ने कई कांडों में अपनी संलिप्तता पूछताछ के दौरान स्वीकार की है।

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने जानकारी देते हुए कहा कि करपी प्रखंड के मुरारी पंचायत के मुखिया पति गुड्डू आलम से 5 लाख के रंगदारी की मांग की गई थी। इस मांग के उपरांत करपी थाने की पुलिस और एसटीएफ़ के द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के उपरांत गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया था, जिसके बाद संजय नट और राजदेव मोची को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी संगठन जनप्रतिनिधियों से पर्चा के माध्यम से रंगदारी की मांग किया करते थे। पूर्व में भी संगठन में सक्रिय सदस्य होने के कारण उनकी गतिविधि लगातार बढ़ती जा रही थी।

उन्होंने बताया कि कड़ी पूछताछ के बाद इस घटना में कई अन्य लोगों का नाम सामने आया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बता दें कि मुरारी पंचायत के मुखिया पति के द्वारा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत भवन बनाया जा रहा था। इस दौरान भवन के समीप में कार्यरत मुंशी को पर्चा के माध्यम से रंगदारी की मांग की गई थी। मुखिया के द्वारा थाने में इस मामले को लेकर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। फि़लहाल पुलिस गिरफ्तार माओवादियों को जेल भेजकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।