News TOP STORIES नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय लखनऊ

इंडी गठबंधन के नेताओं ने भाजपा पर बोला हमला; खरगे बोले- 200 का आंकड़ा भी पार नहीं करेगी BJP


मुंबई। मुंबई में शुक्रवार को विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए की रैली में विपक्ष के नेताओं ने मोदी सरकार पर हमला बोला। विपक्षी दलों ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान बचाने को बचाने के लिए मोदी सरकार को हटाना होगा। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस बार भाजपा 200 का आंकड़ा पार नहीं कर सकेगी।

 

लोकतंत्र  बचाने के लिए यह महत्वपूर्ण समय- शरद पवार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने कहा कि यह लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी के लिए एक महत्वपूर्ण समय है। शिवसेना यूबीटी के नेता उद्धव ठाकरे ने भी पीएम मोदी पर हमला बोला। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और राजद नेता तेजस्वी यादव ने वीडियो संदेश के जरिये आईएनडीआईए को वोट देने की अपील की।

भाजपा पर बरसे कांग्रेस अध्यक्ष

मुंबई में 20 मई को होने वाले चुनाव से पहले आयोजित विपक्षी गठबंधन की संयुक्त रैली में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ अंडरकरंट है और इसलिए पीएम मोदी डरे हुए हैं। भाजपा को इस बार 200 सीटें भी नहीं मिलेंगी। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी रोजगार पैदा करने और महंगाई पर काबू पाने पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

हमें लोकतंत्र को बचाने की जरूरत- सीएम केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की नीति है, यदि विरोधियों को हरा नहीं सकते, तो उन्हें गिरफ्तार कर लो। उन्होंने मुझे जेल में डालने और लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की। उन्हें लगा कि मैं इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन मैंने इस्तीफा नहीं दिया। मुझे दो जून को वापस जेल जाना है। मेरी आजादी आपके हाथों में है। अगर आप आईएनडीआईए को वोट देंगे तो मैं आजाद रहूंगा। अगर मोदीजी सत्ता में आए तो उद्धवजी, शरद पवार सभी मेरी तरह जेल में होंगे। हमें लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है।

सीएम योगी पर क्या बोले केजरीवाल

उन्होंने कहा कि मोदीजी एक राष्ट्र एक नेता के खतरनाक मिशन पर हैं। वह भाजपा नेताओं को भी एक-एक करके निपटा रहे हैं। उनके अगले निशाने पर योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने पार्टी में नियम बनाया कि भाजपा के सभी नेता 75 साल की उम्र में रिटायर हो जाएंगे। वह स्वयं जल्द ही 75 वर्ष के हो जाएंगे और तब वह प्रधानमंत्री के रूप में अमित शाह को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा में हर किसी ने इससे इनकार किया है, लेकिन मोदीजी चुप रहे हैं।

आजादी के बाद ये देश की पहला चुनाव…

इस मौके पर शरद पवार ने कहा कि आजादी के बाद यह पहला चुनाव है जहां संविधान को बचाने की लड़ाई है। सरकार उन सभी को नष्ट करना चाहती है जिनके साथ उसके मतभेद हैं। लोकतंत्र खतरे में है, संविधान खतरे में है। हमें इसे बचाना है तो इस सरकार को सत्ता से बाहर करना हमारा कर्तव्य है।

 नरेन्द्र मोदी यह गारंटी – उद्धव ठाकरे

उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी को भ्रष्टाचार की गारंटी वाला तानाशाही वायरस करार दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट हो, भाजपा में शामिल हो जाओ। तुम्हें गारंटी है कि तुम्हें कुछ नहीं होगा। नरेन्द्र मोदी यह गारंटी देते हैं। नरेन्द्र मोदी चार जून के बाद मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। देश में ”डीमोडिशन” हो जाएगा, जैसे उन्होंने एक रात आठ बजे अचानक नोटबंदी की घोषणा की थी।

ये लड़ाई इस देश की एकता को बचाने की है- ठाकरे

उन्होंने कहा कि भाजपा कचरा इकट्ठा करने वाली, गद्दारों को इकट्ठा करने वाली पार्टी बन गई है। मोदी और उनकी सरकार ने महाराष्ट्र के लिए क्या किया है? प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने राज्य को लूटना शुरू कर दिया। ये लड़ाई इस देश की एकता को बचाने की है। महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने कहा कि सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए 20 मई को सफाई अभियान चलाया जाएगा।

किसान मुसीबत में हैं- नाना पटोले

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि किसान मुसीबत में हैं। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र में कई रैलियां की हैं, लेकिन किसानों के मुद्दे पर एक शब्द नहीं बोला। लोगों की जान ले रहे वैक्सीन घोटाले पर मोदीजी चुप हैं।

कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि आम लोगों को परेशान किया जाता है। इस चुनाव में लड़ाई देश को बचाने की है। शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने कहा, हम पहले ही जेल में भुगत चुके हैं और अब जेल जाने की बारी भाजपा नेताओं की है। महाराष्ट्र के विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि आईएनडीआईए मराठवाड़ा और यहां तक कि मुंबई में सभी सीटें जीत रहा है।