- लखनऊ,: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के सामाजिक संपर्क अभियान को सम्बोधित करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना माहामारी के समय में जब केंद्र, राज्य सरकार और आरएसएस कार्य कर रहा था तब अन्य दलों के लोग सो रहे थे, होम क्वारंटीन में थे, आइसोलेशन में थे। अगर तब ये लोग सो रहे थे तो चुनाव में भी इन्हें आइसोलेशन में भेजना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के अयोध्या में रामलला के दर्शन करने को लेकर भी निशाना साधा।
‘जो पहले राम को देते थे गाली, अब माथा टेकने अयोध्या जा रहे’
बता दें, दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। केजरीवाल के साथ आप सांसद संजय सिंंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये सपा, बसपा, कांग्रेस और अब एक दिल्ली वाले भी पहले भगवान श्री राम को गाली देते थे और अब माथा टेकने अयोध्या जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में होली, दिवाली, विजयादशमी, जन्माष्टमी, रामनवमी आदि पर कर्फ्यू लगाया जाता था, लेकिन अब दीवाली सहित सभी त्योहार राज्य के सभी नागरिकों द्वारा खुशी-खुशी मनाए जा रहे हैं।





