News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कैबिनेट मंत्री गौतम ने बैठे बिठाए AAP के लिए तैयार की परेशानी, मुख्यमंत्री ही नहीं पूरी पार्टी नाराज


नई दिल्ली, । कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम (Rajendra Pal Gautum) ने बैठे बिठाए आप के लिए परेशानी तैयार कर दी है। मतांतरण वाले कार्यक्रम में शामिल होने से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ही नहीं पूरी पार्टी उनसे नाराज है। क्योंकि दो राज्यों में चुनाव जीतने के लिहाज से उतरी आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को घेरने के लिए उन्होंने भाजपा को मौका दे दिया है।

हर स्तर पर AAP को घेरने का प्रयास करेगी भाजपा

आप को गौतम के मतांतरण वाले मुद्दे पर बार बार सफाई देनी पड़ेगी। पार्टी को आशंका है कि भाजपा हर स्तर पर इस मुद्दे को लेकर आप को घेरने का प्रयास करेगी। आम आदमी पार्टी (आप) इस समय उस मोड़ पर खड़ी है जहां वह राष्ट्रीय पार्टी बनने से एक कदम दूर है।

यह वह पार्टी है कांग्रेस के बाद जिसकी दो राज्यों में सरकार है। आप राष्ट्रीय स्तर पर अपने को कांग्रेस के विकल्प के रूप में देख रही है।जिस तरह से आप ने अपने गठन के बाद पिछले 10 साल में अपना विस्तार किया है, यह अन्य किसी भी दल को हासिल नहीं हो सका है।

पंजाब में कांग्रेस को धूल चटा चुकी है AAP

पिछले दो बार से दिल्ली में अप्रत्याशित जीत के बाद पंजाब में भी उसी अंदाज में चुनाव जीत कर सत्तासीन रही कांग्रेस काे धूल चटा चुकी है। अब आप गुजरात और हिमाचल जीत का लक्ष्य लेकर चुनावी मैदान में उतरी है। पार्टी दोनों राज्यों में पैठ बनाने के लिए जूझ रही है।

आप के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तक अभी से हिमाचल से लेकर गुजरात तक अभी से जी जान लगाए हुए हैं। दोनों राज्यों में पार्टी की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।पार्टी की मानें ताे सभी जगह आप नेताओं के कार्यक्रमों में पहले से अधिक भीड़ जुट रही है।

आबकारी नीति केस में FIR को नजरंदाज कर आगे बढ़ रही पार्टी

पार्टी कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन के ईडी के केस में चार माह से जेल में होने के साथ साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसाेदिसा पर आबकारी नीति मामले में हुई सीबीआइ की एफआइआर को नजरंदाज कर आगे बढ़ रही है। इसी बीच दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने मतांतरण के कार्यक्रम में शामिल होकर पार्टी के लिए परेशानी बढ़ा दी है।

गाैतम की तरफ से यह बयान आ चुका है कि वह सभी धर्मों और देवी देवताओं का सम्मान करते हैं और उस कार्यक्रम में उन्हाेंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।मगर भाजपा ने इसे लेकर आप को घेरना शुरू कर दिया है।

भाजपा उसी मुद्दे को उठा रही है जिसमें गौतम के सामने हिंदू देवी देवताओं का नाम लेकर उनकी पूजा अर्चना न करने की शपथ दिलाई गई है।केजरीवाल शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को साथ गुजरात में थे, इसी बीच गौतम काे लेकर गुजरात में पोस्टर लगने शुरू हो गए हैं।

विवादों से खुद को दूर रख रही है AAP

पार्टी की रणनीति हर जाति बिरादरी, हर वर्ग, अमीर और गरीब व मध्यम वर्ग का वोट हासिल करना रहा है। इसी को ध्यान में रखकर पार्टी रणनीति तय करती रही है और विवादों से अपने को दूर रखने का प्रयास करती रही है।मगर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री गौतम के इस आयोजन में शामिल होने से असहज महसूस कर रही है।

सूत्रों का कहना है कि गौतम के इस तरह के कार्यक्रम में शामिल होने से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ साथ पार्टी के लगभग सभी प्रमुख नेता नाराज हैं।आने वाले समय में गाैतम काे इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ सकता है।