Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार

गलवान शहीद के पिता को मिली जमानत: गिरफ्तारी का BJP विधायकों ने किया था विरोध, राजनाथ ने भी जताई थी नाराजगी


 वैशाली: गलवान घाटी हिंसा में शहीद हुए जय​ किशोर सिंह के पिता राज कपूर सिंह को आज यानी गुरुवार को हाजीपुर में एडीजे-3 नवीन कुमार ठाकुर की अदालत ने जमानत दे दी। राज कपूर सिंह को जमानत मिलने के बाद जिले में हर्ष व्याप्त है।

शहीद के पिता की गिरफ्तारी पर सियासी बवाल मच गया था। भाजपा विधायकों ने विधानसभा में इस मामले को जोर-शोर से उठाया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बातचीत कर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद राज्य सरकार ने गलवान घाटी के बलिदानी सैनिक के पिता को जेल भेजने और दुर्व्यवहार मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

शहीद के परिवार का आरोप है कि सरकारी जमीन पर शहीद बेटे का स्मारक बनाने के चलते पुलिस ने राज कपूर सिंह की पिटाई की। उसके बाद गिरफ्तार किया।

भाजपा विधायकों ने किया प्रदर्शन

बिहार विधानसभा में बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन में खूब हंगामा हुआ। भाजपा ने गलवान घाटी में शहीद हुए सैनिक जयकिशोर सिंह के पिता राजकपूर सिंह को अपमानित करने का मामला जोर-शोर से उठाया। भाजपा सदस्यों ने सरकार शर्म करो, बलिदानी व सेना का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारे लगाए। सेना को अपमानित करने के मामले में मंत्री सुरेंद्र यादव के इस्तीफे और सदन से माफी की मांग भी उठी। इस मसले पर हंगामा इतना बढ़ा कि भाजपा सदस्य वेल में आ गए और उन्होंने रिपोर्टर कुर्सियां तक पलट दी। विधानसभा अध्यक्ष के समझाने के बाद भी सदस्य नहीं माने। अंतत: बाद में विपक्ष ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।

क्या है मामला?

बिहार के वैशाली जिले के जंदाह थाने के गांव कजरी बुजुर्ग में राज कपूर सिंह ने घर के सामने खाली पड़ी सरकारी जमीन पर शहीद बेटे जय किशोर सिंह का स्मारक बना दिया था। इसका विरोध करते हुए कुछ लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी थी। ​बीते शनिवार बिहार पुलिस ने शहीद के पिता को बुरी तरह पीटा और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसका स्थानीय लोग और कई सामाजिक संगठनों ने विरोध किया।

बता दें कि भारत चीन की सीमा पर लेह लद्दाख स्थित गलवान घाटी में 16 जून 2020 को चीनी सैनिक के साथ लड़ते हुए वैशाली के जंदाहा थाना क्षेत्र के चक पता निवासी राज कपूर सिंह के पुत्र जय किशोर सिंह शहीद हो गए थे। वे 12 बिहार बटालियन के जवान थे।