बलिया

ढाई हजार जमा करा कर एक लाख देने का प्रलोभन देकर फरार


नगरा(बलिया)। नगरा बाजार के सिकंदरपुर मार्ग स्थित एक कटरा में कार्यालय खोल कर समूह के नाम पर महिलाओं से ढाई ढाई हजार रुपए जमा करा कर एक लाख का ऋण देने का प्रलोभन दिया। ब्रांच मैनेजर ने सोमवार को ऋण की धनराशि खाते में स्थानांतरित करने हेतु महिलाओं को बुलाया। जब महिलाएं पहुंची तो कार्यालय में ताला बंद मिला। कर्मचारियों ने रातों रात अपना बोरिया बिस्तर समेट कर चंपत हो गए। यहां तक कि कर्मचारियों ने कंपनी का बोर्ड भी गायब कर दिया। ऋण लेने पहुंची सैकड़ों महिलाओं ने जम कर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं से पूरी जानकारी हासिल की। महिलाओं ने पुलिस को तहरीर दी है। नगरा सिकंदरपुर मार्ग पर समूह के नाम पर ऋण देने वाली कंपनी ने अपना कार्यालय खोला। इसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने गांवों में घूम घूम कर प्रचार प्रसार किया। कर्मचारियों द्वारा गांव में 8 महिलाओं का समूह भी बनाया गया। कंपनी के झांसे में आकर करीब तीन सौ महिलाओं ने ढाई – ढाई हजार रुपए देकर खाता खुलवा दिया। कंपनी द्वारा पासबुक भी दिया गया। ब्रांच मैनेजर ने एक लाख का ऋण देने के लिए सोमवार को महिलाओं को बुलाया था। जब महिलाएं पहुंची तो कार्यालय में ताला लटका मिला। इंदरपुर की शोभा, कलवारी की मंजू देवी, कसौंडर की रेनू, कसेसर की नीतू ने बताया कि हम लोगों को ठगा गया है। ऋण देने के लिए आज बुलाया गया था। पहुंचने पर कार्यालय में ताला बंद मिला। जब इस बावत ब्रांच मैनेजर से सम्पर्क करने की कोशिश की गई तो मोबाइल स्वीच ऑफ मिला। थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रकरण की जांच की जाएगी।
————-
मासूम के साथ वृद्ध ने किया दुष्कर्म
बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव में गांव के ही लगभग 60 वर्षीय एक वृद्ध ने 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों की सूचना पर उभांव पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, बच्ची को एक वृद्ध उसे बहला-फुसलाकर पास के सुनसान स्थान पर ले गया और घिनौनी हरकत की। कुछ देर बाद जब बच्ची रोती हुई घर लौटी तो परिजनों ने उससे पूछताछ की। मासूम के मुंह से सच्चाई सुनते ही घरवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर थाने ले आए।
—————
काउंटर से पैसा निकालकर भाग रहा चोर धराया
सुखपुरा (बलिया)। स्थानीय चौराहे पर स्थित भगवती मार्केट में सोमवार की शाम किराना की दुकान के काउंटर से रुपया निकाल रहे एक चोर को लोगों ने पकड़ कर और उसकी मरम्मत करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम इम्तियाज उर्फ हीरा निवासी आसनसोल पश्चिम बंगाल बताया। मार्केट में धीरज गुप्ता की दुकान है। धीरज कुछ समय के लिए अपने बगल में भाई की दुकान पर चला गया था इसी समय इम्तियाज दुकान में आया और काउंटर में हाथ डालकर पैसा निकाल कर भागने लगा। लोगों की नजर पड़ी। शोर हुआ। दौड़कर लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसको मारने-पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। विगत कुछ दिनों से क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं से लोगों में दहशत है। आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ ई-रिक्शा से दुकानदारों को कपड़ा बेचते हैं और मौका मिलते ही इस तरह के वारदात को अंजाम देते हैं। इस घटना के समय भी घटना स्थल से थोड़ी दूर पर ई-रिक्शा पर उसके दो-तीन साथी थे जब वह लोगों द्वारा पकड़ा गया तो उसके साथी भाग गये। पुलिस काररवाई में जुट गई।
—————–