News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

दिल्ली में भाजपा ने बुलाए 5 हजार मेहमान नेता, अपने राज्य के लोगों से करेंगे वोट की अपील


नई दिल्ली, । : नगर निगम का दुर्ग को फिर से प्राप्त करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। बड़े नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतारने के साथ ही दूसरे राज्यों के कार्यकर्ताओं की भी मदद ले रही है। देश के विभिन्न हिस्से से पांच हजार से ज्यादा नेता यहां पहुंच चुके हैं। इनमें सात सौ से ज्यादा महिला कार्यकर्ता हैं। पार्टी की कोशिश राजधानी में रहने वाले दूसरे प्रदेश को लोगों को अपने साथ जोड़ने की है। इसकी जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल को सौंपी गई है।

राज्य विशेष को ध्यान में रखकर तय किए जा रहे हैं चुनावी कार्यक्रम

भाजपा सहित अन्य पार्टियों का ज्यादा ध्यान राजधानी में रहने वाले हरियाणवी, पंजाबियों, पूर्वांचलियों व उत्तराखंडियों पर रहती थी। इनका समर्थन प्राप्त करने की हर संभव कोशिश होती है। इनके बीच के लोगों को टिकट देने के साथ ही इन्हें केंद्रित कर चुनाव प्रचार के कार्यक्रम तय किए जाते हैं। इस चुनाव में भाजपा ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है।

हरियाणा, पंजाब, पूर्वांचल व उत्तराखंड के लोगों के साथ ही पूर्वोत्तर, बंगाल, ओडिशा, दक्षिण भारत, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इनके बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पार्टी ने कई माह पूर्व ही अलग-अलग प्रकोष्ठ बनाए थे। कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। अब उन्हें केंद्रित कर चुनाव प्रचार भी किया जा रहा है।

प्रत्येक वार्ड में दो महिलाओं को जिम्मेदारी

पहले चरण में मेहमान नेताओं को सभी विधानसभा क्षेत्रों और वार्डों में प्रमुख बनाया गया। उसके बाद अब उनके साथ अन्य कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया है। मेहमान नेताओं को उसी क्षेत्र में भेजा जा रहा है जहां उनके राज्य के लोग ज्यादा हैं। स्थानीय नेताओं के सहयोग से वह वहां के मतदाताओं के बीच भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं। प्रत्येक वार्ड में दो महिलाओं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्हें उस वार्ड में स्थित धार्मिक स्थलों पर जाकर महिलाओं से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है। इसी तरह से महिला संगठनों से भी संपर्क कर रही हैं। उन्हें प्रतिदिन स्थानीय नेताओं के सहयोग से दो घरों में जाकर पास पड़ोस की महिलाओं के साथ बैठक करने को कहा गया है, जिससे कि उन्हें नरेन्द्र मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में बताकर भाजपा के साथ जोड़ा जा सके।