Latest News झारखंड रांची

दुष्कर्म की आशंका, पर कंफर्म कैसे हो? सिर को पत्थर से कूचने के बाद दरिंदों ने काट डाला प्राइवेट पार्ट


 रांची। डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित बड़ा घाघरा के खुशबू टोली से बुधवार की सुबह बरामद 50 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ दरिंदगी की पुष्टि हुई है।

उसके सिर को पत्थर से कूचने के बाद दरिंदों ने उसके प्राइवेट पार्ट को धारदार हथियार से काट दिया था। घटना की प्रकृति बता रही है कि हत्यारों की संख्या एक से अधिक रही होगी। आशंका जताई जा रही है कि दरिंदों ने पहले महिला के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके बाद पत्थर से उसके सिर को कूच दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

दुष्कर्म से संबंधित साक्ष्य को मिटाने के उद्देश्य से उसके प्राइवेट पार्ट को धारदार हथियार से काट डाला। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने महिला के प्राइवेट पार्ट का स्लाइड भी बनवाया है, ताकि दुष्कर्म या सामूहिक दुष्कर्म के बिंदु पर राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला से जांच कराई जा सके। बिसरा सुरक्षित रख दिया गया है, जिसमें नेल क्लिपिंग आदि भी शामिल हैं।

हत्यारों की तलाश जारी

इधर, शव बरामदगी के दूसरे दिन भी इस पूरे मामले में पुलिस खाली हाथ रही। अब तक हत्यारों के बारे में पुलिस को ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो कुछ संदिग्धों की जानकारी मिली है, जिनका पता लगाया जा रहा है। पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज से भी हत्यारों की तलाश कर रही है। राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए थे, जिसकी जांच में कुछ और तथ्य सामने आएंगे।

किराए के मकान में अकेली थी महिला

दरिंदगी की शिकार महिला ने पति की मौत के बाद दूसरी शादी की थी। उसका दूसरा पति सिमडेगा का रहने वाला है। उसने भी पहली पत्नी की मौत के बाद उक्त महिला से दूसरी शादी की थी। पति पेशे से राजमिस्त्री है।

इन दिनों काम नहीं मिलने से पति धान की फसल काटने के लिए गत माह ही सिमडेगा स्थित पैतृक गांव गया था। महिला रेजा का काम करती थी। इन दिनों कबाड़ चुनकर बेच रही थी। बड़ा घाघरा के खुशबू टोली में वह किराए के मकान में रहती थी। जिसके मकान में वह किराएदार थी, उस मकान की मालकिन भी अकेली रहती है।