Latest News अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

पीएम मोदी ने क्‍वीन के निधन पर दुख जताया,


 नई दिल्ली, ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ दि्तीय  (Britain’s Queen Elizabeth II ) का 96 वर्ष की आयु में स्कॉटलैंड के बाल्मोरल महल में निधन हुआ। गुरुवार दोपहर को बाल्मोरल में रानी एलिज़ाबेथ का शांतिपूर्वक निधन हुआ। वह ब्रिटिश राजशाही में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली शासक रहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी( PM Narendra Modi) ने गुरुवार को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह एक ऐसी दिग्गज थीं जिन्होंने अपने देश और लोगों को प्रेरक नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया। पीएम मोदी ने 2015 और 2018 में क्‍वीन के साथ अपनी “यादगार” बैठकों को याद किया।

राष्ट्र और लोगों को प्रदान किया प्रेरक नेतृत्व

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं उनकी गर्मजोशी और दयालुता को कभी नहीं भूलूंगा। एक बैठक के दौरान उन्होंने मुझे वह रूमाल दिखाया, जो महात्मा गांधी ने उन्हें उनकी शादी में उपहार में दिया था। मैं हमेशा उस भाव को संजो कर रखूंगा। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को हमारे समय के एक दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने अपने राष्ट्र और लोगों को प्रेरक नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया। उनके निधन से दुखी हूं। इस दुखद घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और यूके के लोगों के साथ हैं।

ब्रिटेन का सबसे लंबे समय तक राज करने वाला राजशाही

ब्रिटेन के किंग जार्ज (छठे) और महारानी एलिजाबेथ की संतान एलिजाबेथ द्वितीय का विवाह 1947 में फिलिप माउंटबेटन से हुआ था। फिलिप ग्रीस और डेनमार्क के प्रिंस थे। उनका निधन पिछले साल अप्रैल में हुआ था। महारानी एलिजाबेथ और प्रिंस फिलिप की चार संतानें हैं। सबसे बड़े बेटे प्रिंस चा‌र्ल्स अब ब्रिटेन की राजगद्दी संभालेंगे। उनके दो भाई- प्रिंस एंड्रयू, प्रिंस एडवर्ड और बहन प्रिंसेस हैं। इस साल ब्रिटेन के सिंहासन पर क्‍वीन एलिजाबेथ ने 70 साल पूरे किए थे। ब्रिटिश इतिहास में सबसे उम्रदराज और सबसे लंबे समय तक राज करने वाली क्‍वीन रहीं।

सितंबर 2015 में उन्होंने अपनी परदादी रानी विक्टोरिया को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 63 साल और सात महीने तक शासन किया। 2016 में, एलिजाबेथ थाईलैंड के राजा भूमिबोल अदुल्यादेज की मृत्यु के साथ दुनिया में सबसे लंबे समय तक राज करने वाली सम्राट भी बनीं। 2022 में, वह 17 वीं शताब्दी के फ्रांसीसी राजा लुई XIV के बाद विश्व इतिहास में दूसरी सबसे लंबे समय तक राज करने वाली सम्राट बनीं, जिन्होंने 4 साल की उम्र में सिंहासन संभाला था।

एलिजाबेथ और विक्टोरिया के अलावा ब्रिटिश इतिहास में केवल चार अन्य सम्राटों ने 50 साल या उससे अधिक समय तक शासन किया है: जॉर्ज III (59 वर्ष), हेनरी III (56 वर्ष), एडवर्ड III (50 वर्ष) और स्कॉटलैंड के जेम्स VI (58 वर्ष)। उनके शासनकाल में कुल 15 प्रधानमंत्रियों ने कार्य किया। बीते मंगलवार को उन्होंने बालमोरल कैसल में ही ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस को शपथ दिलाई थी।