घर से रिश्तेदारी जाते समय सौ शैय्या अस्पताल के पास हुआ हादसा
अतरौलिया, आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के सौ शैय्या अस्पताल से कुछ दूरी पर रविवार की देर रात लगभग 10 बजे बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक भी घायल हो गया। जानकारी पर पहुंचे मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में दो लोगों के घायल होने की सूचना पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने एंबुलेंस के माध्यम से दोनों को सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां बुजुर्ग को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक सवार का इलाज चल रहा था। देर रात्रि तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी, तो पुलिस द्वारा सोशल मीडिया और आमजन का सहयोग लिया गया। उसके बादे मृतक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के फूलचंद प्रजापति के रूप में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलचंद प्रजापति पुत्र स्व. रामचेत प्रजापति कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम देऊरपुर सराय, पोस्ट बनकट जगदीश, थाना कप्तानगंज के निवासी थे और उस समय अपनी रिश्तेदारी में लोहरा गांव जा रहे थे। इसी दौरान हादसे के शिकार हो गए। बाइक चालक प्रदीप वर्मा पुत्र जियालाल वर्मा निवासी संदहा मझगंवा, थाना आलापुर, जनपद अंबेडकर नगर का इलाज चल रहा था। उधर मृतक के भाई हरिहर प्रजापति ने थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
————-
पोखरे में डूबने से सेवानिवृत्त बैंक कर्मी समेत दो की मौत
आजमगढ़। मेंहनगर और अहरौला थाना क्षेत्रों में पोखरे में डूबने से सेवानिवृत्त बैंक कर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के लौदह इमादपुर निवासी और एक साल पहले बैंकिंग सेवा से अवकाश प्राप्त 61 वर्षीय वृद्ध रूपचंद पासवान रविवार देर शाम टहलने निकले थे। वह गांव के उत्तरी हिस्से में पोखरा खोदवाकर मत्स्य पालन भी करते थे। पोखरे के तरफ टहलने निकले रूपचंद जब देर रात तक घर नहीं लौटे तो परेशान परिजनों ने खोजबीन शुरू की। जब पोखरे पर पहुंचे तो रूपचंद का शव पोखरे में उतराया दिखा। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र हैं जिनकी शादी हो चुकी है और घर पर खेती करते हैं। शाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार-अहरौला थाना अंतर्गत लेदौरा गांव में पोखरी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। लगभग 55 वर्षीय प्रेमसागर निषाद रविवार की दोपहर बाद लगभग 3 बजे से घर से गायब थे। घर के लोगों ने देर रात तक खोजबीन की, लेकिन पता नहीं लगा। सोमवार की सुबह कुछ लोग गांव के पोखरे की ओर गए तो प्रेमसागर की लाश पानी में उतराई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने लाई। मृतक के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पुत्र बाहर कमाते हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।