नयी दिल्ली बिहार

बिहारमें विधायक दल का नेता चुनने के लिए भाजपा की तैयारी तेज


नयी दिल्ली (आससे.)। बिहार विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा के संसदीय बोर्ड ने राज्य में विधायक दल के नेता के चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड ने बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।बिहार में नई सरकार का गठन 20 नवंबर को होगा और मुख्यमंत्री अपने नए मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ शपथ लेंगे। 19 नवंबर को बिहार विधानसभा भंग की जाएगी। पटना के गांधी मैदान में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह होगा।उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनावों में 89 सीटों के साथ बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है, जबकि 85 सीटों के साथ जनता दल यूनाइटेड दूसरे नंबर की पार्टी बनी है।इस बीच केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतनराम मांझी ने कहा है कि एनडीए में मंत्री पद के बंटवारे पर सहमति बन गई है और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे।
———————-