रात में ही मार्टीनगंज ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचने लगी थी भारी भीड़
बरदह, आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के विकासखंड मार्टीनगंज के ब्लॉक प्रमुख यशवंत शर्मा के ऊपर शुक्रवार की देर रात हेलमेट लगाए अपाचे बाइक सवार चार लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। उस समय वह अपने प्रतिनिधि सौरभ सिंह बीनू के घर नगर पंचायत मार्टीनगंज के नेहरू नगर वार्ड से देर रात वापस अपने घर मोटरसाइकिल से नगर पंचायत के अटल नगर आ रहे थे। जैसे 100 मीटर का रास्ता तय किया कि प्राइमरी पाठशाला के पास चार की संख्या में दो अपाची बाइक सवारों ने उन्हें रोक लिया और उनके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। पहले फायरिंग की और मिस होने के बाद बट से प्रहार कर दिया। सभी हमलावर हेलमेट लगाए थे।
प्रमुख के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े और उनकी जान बचाई, लेकिन तब तक हमलावर लोगों को आता देख भाग निकले। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सौरभ सिंह अपनी ही गाड़ी से उन्हें बेहोशी हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जानकारी पर कुछ पल बाद ही यशवंत के प्रतिनिधि पूर्व ब्लाक प्रमुख सौरभ सिंह बीनू भी घटनास्थल पर पहुंच गए तो वहीं ग्रामीणों की भीड़ भी जुटने लगी। आक्रोशित लोगों को सौरभ सिंह ने समझा-बुझाकर शांत कराया। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह, थानाध्यक्ष दीदारगंज राकेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ ब्लाक मुख्यालय पहुंचे और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वाशन दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, ब्लाक प्रमुख संघ अध्यक्ष मनीष मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक राजभर, राज करन, कैथल, मोनेन्द्र मोहन सिंह, आलोक कुमार सिंह, राधेश्याम यादव, मणिक चंद्रा, राम विलास, प्रदीप सोनकर, प्रवेश कुमार यादव, राकेश यादव आदि ग्राम सचिव के साथ प्रधान संघ अध्यक्ष बिन्द्रेश यादव आदि उपस्थित रहे। घायल ब्लाक प्रमुख यशवंत शर्मा का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा था।
इस मामलेमें एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रात में ही प्रमुख की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसमें सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है। प्रारंभिक तौर पर चुनावी रंजिश का मामला लग रहा है।
मामूली विवाद में वृद्ध की हत्या
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर हरकेश गांव में शुक्रवार की रात मोबाइल को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्साए ग्रामीणों के हमले में लगभग 62 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसके पुत्र घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। जानकारी के अनुसार कादीपुर हरकेश गांव में एक लड़की मोबाइल पर बात करते हुए जा रही थी। रास्ते में पुलिया पर बैठे युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। चर्चा यह भी है कि गांव के लगभग 40 वर्षीय बबलू राजभर ने फटकार लगाई। इससे नाराज लड़की ने अपने घर जाकर जानकारी दी। कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोग बबलू के घर पहुंच गए और हमला कर दिया।
इस दौरान शोर सुनकर मौके पर बबलू के पिता कन्हैया राजभर आदि परिवार के लोग बचाव करने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कन्हैया को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि पुत्र का उपचार चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। यह भी कहा जा रहा है कि रात में लड़की किसी से बात कर रही थी तो बबलू ने उसे टोका और मोबाइल ले लिया। इससे बात बढ़ गई। मृतक की पत्नी कौशल्या ने पांच लोगों के विरुद्ध कप्तानगंज थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस संबंध में एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि किसी बात पर लड़क से बबलू का विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
—————-