TOP STORIES

भारत जोड़ो यात्रा में राहुल की रनिंग और डांस


तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा के 5वें दिन राहुल गांधी अलग ही अंदाज में नजर आए। रविवार सुबह जडचेरला में स्कूली बच्चे राहुल से मिलने पहुंचे थे। बात करते-करते राहुल ने दौड़ना शुरू कर दिया। साथ चल रहे बाकी लोगों ने भी उनके साथ दौड़ लगाई, लेकिन राहुल की रफ्तार इतनी तेज थी कि सिक्योरिटी और तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी पीछे छूट गए। राहुल से मिलने पहुंचे बच्चे भी उनकी स्पीड की बराबरी नहीं कर पाए। इसके बाद राहुल गोलापल्ली पहुंचे। वहां उन्होंने महिलाओं के साथ बथुकम्मा डांस किया। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने उनका साथ दिया। बथुकम्मा फेस्टिवल तेलंगाना की महिलाओं का स्थानीय त्योहार है। तेलुगु में बतुकम्मा का मतलब होता है, देवी मां जिन्दा है। इसे महिलाओं के सम्मान में मनाया जाता है।तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा का 5वां दिन है। आज इसके 22 किमी का सफर पूरा करने की उम्मीद है। यात्रा के विराम पर शाम को राहुल सोलीपुर जंक्शन शादनगर में एक मीटिंग भी करेंगे। इसके पहले शनिवार को यात्रा ने 20 किमी का सफर पूरा किया था और जडचेरला में हाल्ट लिया था। तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा 19 विधानसभा और 7 संसदीय क्षेत्रों में कुल 375 किमी कवर करेगी। इसके बाद वह 7 नवंबर को महाराष्ट्र में एंट्री करेगी। इससे पहले 4 नवंबर को एक दिन का ब्रेक भी लिया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। तेलंगाना में आने से पहले यात्रा केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में वॉक पूरी कर चुकी है। तेलंगाना में 10 समितियां बनाई गई हैं।