Latest News नयी दिल्ली बिहार राष्ट्रीय

‘ये अननेचुरल था…’, केंद्रीय मंत्री ने बिहार की सियासत पर बोलते हुए I.N.D.I.A को लेकर दे दिया बड़ा बयान


पटना।  : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शनिवार को बेंगलुरु में बिहार की राजनीति में हो रही उथल-पुथल पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आईएनडीआईए से नीतीश कुमार दुखी हैं। यह गठबंधन अननेचुरल था और जन्म से पहले ही इसकी मृत्यु हो गई है।

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इतनी तो मुझे जानकारी है कि वहां विचारों में गंभीर मतभेद हैं। यह दोनों दलों के बीच की बात है, मुझे इस पर ज्यादा बोलना नहीं है। लेकिन राजद और कांग्रेस भ्रष्टाचारियों की पार्टी हैं। ये परिवारवाद की पार्टी हैं।

राजद-कांग्रेस परमभ्रष्ट और परिवारवाद की पार्टी : जोशी

ये सिर्फ और सिर्फ अपने परिवार के लिए लड़ने वाली पार्टियां हैं। जनता के दुख, उनकी कठिनाई या समस्या से इनका कोई लेना-देना नहीं है। ये परमभ्रष्ट और परिवारवाद की पार्टी हैं।

देश के इतिहास में अगर आप थोड़े पन्ने पीछे पलटकर देखें तो पता चलेगा। ऐसे में नीतीश कुमार को यदि नहीं जम रहा है तो जहां तक मुझे पता चला है, वो ठीक है। झगड़ा तो बहुत गंभीर है।

बोलने का अधिकार मेरे पास नहीं : प्रह्लाद

देखेंगे आगे के बारे में, एक तो मुझे जानकारी नहीं है। दूसरी बात, यदि जानकारी है भी तो भी मुझे बोलने का अधिकार मेरे पास नहीं है।

इसलिए ज्यादा नहीं बोलूंगा। लेकिन स्वयं नीतीश कुमार दुखी हैं। ये तो हमने पहले भी कहा था कि ये फोटोशूट है और कुछ ज्यादा नहीं है। क्योंकि कुछ नेगेटिव अप्रोच के साथ गठबंधन बनाने का प्रयास हुआ था।

ममता बनर्जी पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सवाल पर केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि ये तो पूरा जन्म लेने से पहले ही इसकी मृत्यु हो गई है।

जन्म कब होता, जब सीट शेयरिंग के बारे में घोषणा होती… तब अंग्रेजी में कहते स्टिल बॉर्न…। ये तो जन्म लेने से पहले ही इसकी मृत्यु हो गई है। कारण इतना है कि ये अननेचुरल था।