Latest News उत्तर प्रदेश

योगी सरकार भूमाफिया पर लगातार कर रही सख्ती, यमुना तीरे फार्म हाउसों पर चला बुलडोजर


लखनऊ, । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नोएडा और इर्द-गिर्द यमुना की गोद में फार्म हाउस बनाने का खेल कुछ यूं खेला गया कि कोई अंगुली न उठा पाए, लेकिन मामला उजागर होने के बाद अब अधिकारी पूर्ववर्ती अफसरों पर ठीकरा फोड़ने से नहीं हिचक रहे। फार्म हाउस बनाने के चक्कर में यमुना की धारा मोड़ी ही नहीं गई, बल्कि उसके प्राकृतिक स्वरूप के साथ जमकर खिलवाड़ करने में भी संकोच नहीं किया गया। नदियों के प्रति जहां एक ओर योगी सरकार संवेदनशीलता का परिचय दे रही है, नदियों की स्वच्छता और उन्हें अविरल बनाए रखने की खातिर हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, टेनरियां बंद करा दी गई हैं, वहीं यमुना तीरे फार्म हाउसों का निर्माण साबित करता है कि अफसरों को न तो यमुना की चिंता है और न ही सरकार के इरादों की कोई परवाह है।

 

अफसरों में इतनी संवेदनशीलता भी नहीं कि यमुना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की जीवन धारा है। नदियों के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ न केवल आपराधिक कृत्य है, बल्कि सभ्य समाज के लिए अभिशाप भी है। यमुना का धार्मिक महत्व तो सर्वविदित है ही लेकिन, इस नदी से करोड़ों की आबादी की प्यास भी बुझती है, अनगिनत लोगों का रोजी-रोजगार भी इससे जुड़ा है।