News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

राजस्थान में राजनीतिक गतिविधियां तेज, कांग्रेस और BJP का जीतने वाले प्रत्याशियों को जयपुर पहुंचने का निर्देश


जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव की रविवार को होने वाली मतगणना से एक दिन पहले प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। कांग्रेस और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने चुनाव परिणाम आने के बाद की रणनीति को लेकर मंथन किया है।

दोनों ही पार्टियों ने चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों को परिणाम के बाद सोमवार शाम तक जयपुर पहुंचने के लिए कहा है। दोनों ही पार्टियों ने जीतने योग्य डेढ़ दर्जन निर्दलीय प्रत्याशियों से संपर्क साधा है।

गहलोत ने संभाली कमान

कांग्रेस में खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यह कमान संभाल रहे हैं। गहलोत व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रत्याशियों से संवाद किया है। कांग्रेस आलाकमान ने राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी को जयपुर भेजा है। तिवारी चुनाव परिणाम आने के बाद विधायकों की बाड़ेबंदी सहित विभिन्न मामलों में गहलोत व पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ मिलकर निर्णय करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी सक्रिय हैं।

 

सीपी जोशी ने प्रत्याशियों से की बात

उधर, भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने सभी पार्टी प्रत्याशियों से टेलीफोन पर संपर्क किया है। जोशी ने पार्टी के पांच बागी प्रत्याशियों से भी संपर्क साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी सक्रिय हैं। वसुंधरा ने शनिवार को जयपुर के गणेश मंदिर में पूजा करने के बाद मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद भाजपा प्रत्याशियों से टेलीफोन पर बात की।

वसुंधरा ने इससे पहले शुक्रवार देर शाम राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात करने के साथ ही भारती भवन जाकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों से बात की थी।

सट्टा बाजार में भाजपा आगे

अधिकांश एक्जिट पोल में भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले आगे दिखाया गया है। अब देश में प्रसिद्ध राजस्थान के फलोदी सट्टा बाजार में भाजपा की 115 से 118 और कांग्रेस की 68 से 70 सीटें जीतने की संभावना जताई जा रही है। शेष सीटों पर निर्दलियों व अन्य का कब्जा होने की बात कही जा रही है। फलोदी सट्टा बाजार कानूनी नहीं है, लेकिन इसका आकलन काफी सटीक आता रहा है।

 

दरअसल, सट्टा बाजार में काम करने वाले खुद का सर्वे करके ही पार्टी और प्रत्याशियों की हार-जीत का आकलन करते हैं। ये लोग वहां के सरकारी कर्मचारियों व आम लोगों से बात करके अपना मानस बनाते हैं।

राजेंद्र राठौड़ ने किया BJP की जीत का दाव

दोनों दलों ने किए अपनी-अपनी जीत के दावे राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ ने शनिवार को फिर कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय है। जनता ने अपना निर्णय कर दिया है। अब निर्णय की घोषणा होना शेष है।

कांग्रेस की सरकार बनेगी- गोविंद सिंह डोटासरा

वहीं, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सरकार तो कांग्रेस की ही बनेगी। कांग्रेस सरकार की योजनाओं से आम लोगों का लाभ मिला था, इसलिए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट दिए हैं।

क्या बोले अन्य दल

शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रदेश प्रभारी चंद्रराज सिंघवी ने दावा किया कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनेगी और कांग्रेस को 60 से भी कम सीटें मिलेंगी। वहीं, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा को झटका लगेगा। चुनाव परिणाम से सब कुछ साफ हो जाएगा।