खेल राष्ट्रीय

वाशिंगटन और अर्शदीपने भारत को दिलायी बराबरी



होबार्ट (आससे)। अर्शदीप सिंह (३-३५) की उम्दा गेंदबाजी के बाद वाशिंगटन सुंदर की २३ गेंदों पर खेली गयी आक्रामक अजेय ४९ रन की पारीके दमपर भारतने तीसरे टी-२० मुकाबलेमें रविवारको आस्ट्रेलिया को पांच विकेटसे पराजित कर पांच मैचों की शृंखला १-१ से बराबर कर ली। केनबरामें खेला गया पहला मुकाबला बारिशके चलते रद हो गया था। आस्ट्रेलियाने शुरुआती झटकोंसे उबरते हुए २० ओवरमें छह विकेटपर १८६ रन का इस मैदानका सबसे बड़ा स्कोर बनाया जिसे भारतने १८.३ ओवरमें पांच विकेटपर १८८ रन बना कर हासिल कर लिया। जीतके लिए मिले १८७ रनके बड़े लक्ष्यके सामने अभिषेक शर्माने अपने चिर परिचित अंदाज में शुरुआत की और नो बाल पर मिले फ्री हिटका फायदा उठाते हुए छक्केसे खाता खोला। अभिषेकके प्रहारके बीज उनके जोड़ीदार शुभमन गिल फिर बल्लेसे नाकाम रहे और और नाथन एलिस की गेंदपर पगबाधा हो गये। हालांकि गिलने डीआरएस लिया लेकिन फैसला नहीं बदला। गिलने १२ गेंदोंपर एक चौकेकी मदद से १५ रन बनाये। भारतका पहला विकेट ३३ रनपर गिरा। अभिषेक लयमें नजर आ रहे थे और बड़े स्ट्रोक भी लगा रहे थे लेकिनवे नाथन एलिसकी १४७.७ किलोमीटरकी रफ्तारसे फेकी गयी गेंदपर चकमा खा गये और गलत शाट खेल जोश इग्लिशको कैच देकर पवेलियन लौट गये। अभिषेकने २५ रनके लिए १६ गेंदें खेली जिसमें दो चौका और दो छक्का शामिल था। कप्तान सूर्यकुमार यादवने आते ही तेवर जरूर दिखलाये लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके और ११ गेंदोंपर एक चौके, दो छक्केकी मददसे तेजीसे २४ रन बना कर स्टोइनिसके शिकार हो गये। अब निगाहें तिलक वर्मापर टिकी थी। उन्होंने इसपर खरे उतरनेका प्रयास भी किया लेकिन जब वे २६ गेंद पर एक चौके, एक छक्केकी मददसे २९ रन बना कर बर्टलेटको अपना विकेट दे बैठे। अक्षर पटेल केवल १७ रन बना कर एलिसके शिकार हो गये। भारतका स्कोर पांच विकेटपर १४५ रन हो गया लेकिन पिचपर वाशिंगटन सुंदर मौजूद थे जो २२ गजकी पट्टीपर आते ही आक्रामक हो उठे थे। उन्हें जितेश शर्माका भी साथ मिला और दोनोंने आसानीके साथ टीम का स्कोर १८.३ ओवरमें पांच विकेटपर १८८ रन कर दिया। सुंदर २३ गेंदोंपर तीन चौके, चार छक्केकी मददसे ४९ रन बना कर जितेश शर्मा २२ रन (१३ गेंद, तीन चौके) के साथ अजेय लौटे। एलिसने तीन विकेट चटकाये। इससे पहले टास हारकर पहले बल्लेबाजीको बाध्य आस्ट्रेलियाकी शुरुआत बायें हाथके तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंहने १४ रनपर दो विकेट निकाल बिगाड़ दी। अर्शदीपने पहले ट्रेविस हेड (छह) को सूर्यकुमार यादवके हाथों कैच कराया फिर जोश इग्लिश (एक) को अक्षर पटेलके हाथोमें कैद करा दिया। कप्तान मिचेल मार्श (११) और ओवन (शून्य) को मिस्ट्री गेंदबाज वरुण चक्रवर्तीने अपना शिकार बना स्कोर चार विकेटपर ७३ रन कर आस्ट्रेलियाको संकटमें डाल दिया। संकटकी इस घड़ीमें टिम डेविडका बल्ला चल निकला और उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजीसे भारतकी गेंदबाजीको तहस नहस करना शुरु कर दिया। उन्हें मार्कस स्टोइनिसका भी साथ मिला जिससे रन बनने नहीं बहने लगे। डेविडने देखते ही देखते २३ गेंदोंपर अर्द्धशतक पूरा कर लिया। डेविड जब ३८ गेंदोंपर आठ चौकेऔर पांच छक्केकी मदद से ७४ रनपर थे शिवम दूबेने उन्हें तिलक वर्माके हाथों कैच करा दिया। इधर स्टोइनिसने भी अर्द्धशतक पूरा कर लिया। स्टोइनिस ३९ गेंदपर आठ चौके, दो छक्केकी मददसे ६४ रन बना कर अर्शदीप सिंहकी गेंदपर स्थानापन्न रिंकू सिंहके हाथों लपके गये। अन्तमें मैथ्यू शार्टने े २६ रनकी अजेय पारी खेल दी जिससे आस्ट्रेलियाका स्कोर २० ओवरमें छह विकेटपर १८६ रन हो गया। अर्शदीप सिंह ने ३५ रन देकर तीन तथा वरुण चक्रवर्ती ने दो विकेट हासिल किये।