News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

हाथरस पहुंचे कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण कल मुख्यमंत्री योगी करेंगे दौरा


 उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को बड़ी घटना घटित हुई। भोले बाबा के सत्संग में अचानक से भगदड़ मच गई। जिससे वहां सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोग घायल हो गए। अब तक प्राप्त सूचना के आधार पर महिलाओं और बच्चों समेत 130 से अधिक मौतों की पुष्टि हुई है। अस्पताल में इलाज के लिए लोगों को भेजा रहा है।

By Riya Pandey Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 04:27 PM (IST)Updated Date: Tue, 02 Jul 2024 09:40 PM (IST)

2 Jul 20249:40:20 PM

हाथरस भगदड़ मामले की जांच को बनी कमेटी

हाथरस। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के अनुसार, हाथरस में सत्संग कार्यक्रम में 80 हजार लोगों की अनुमति थी लेकिन, भीड़ अधिक शामिल हुई। मुख्यमंत्री की ओर से एडीजी व कमिश्वर के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की है, जो 24 घंटे में रिपोर्ट देगी। मामले में आयोजकों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने के आदेश दिए गए हैं। बाबा पर भी कार्रवाई होगी। शवों के पोस्टमार्टम के बाद उन्हें घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। घायलों का भी समुचित इलाज कराया जाएगा। मरने वाले 116 लोगों में सात बच्चे हैं।

2 Jul 20249:04:57 PM

आयोजकों के खिलाफ होगी FIR, सत्संग में पहुंचे थे अनुमति से अधिक लोग

Hathras Satsang Stampede: हाथरस भगदड़ घटना पर अलीगढ़ के IG शलभ माथुर ने बताया कि FIR दर्ज हो रही है। आयोजकों के खिलाफ एफआइआर होगी। प्रथम दृष्टया सामने आ रहा है कि जितने लोगों के लिए अनुमति मांगी थी उससे ज्यादा लोग आए हैं।

2 Jul 20248:29:28 PM

Hathras Stampede: मृतकों में 99 प्रतिशत वंचित तबके से थे- पूर्णिया सांसद

हाथरस। हाथरस भगदड़ की घटना पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि 100 से ऊपर लोग मृत हैं जिसमें से 99 प्रतिशत दलित हैं। इसकी जिम्मेदार उत्तर प्रदेश सरकार भी है और केंद्र सरकार भी है। निंदा प्रस्ताव के लिए इनके पास समय था लेकिन 100 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई उसके मौन के लिए इनके पास समय नहीं था। सरकार को देश से माफी मांगनी चाहिए और साथ-साथ इन सभी मौतों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

2 Jul 20248:03:55 PM

Hathras Stampede Update: सकुशल लौटे मैनपुरी के पांच गांव से गए श्रद्धालु

Hathras Stampede Update: सिकंदराराऊ में आयोजित मानव मंगल मिलन सद्भावना समागम में मैनपुरी के पांच गांव से श्रद्धालु गए थे। तीस श्रद्धालु सुजानपुर, जौराई, अगौंथा, चित्तरपुर और  घर मंगदपुर से पिकअप वाहन में दीपक के लिए नेतत्व गए थे, सभी सकुशल हैं और लौट रहे हैं।

2 Jul 20247:46:04 PM

आगरा लाए जा रहे हैं 30 शव

Hathras Satsang Stampede: आगरा में 30 शव लाए जा रहे हैं। शव वाहन भेजे गए हैं। यहां डाक्टरों की तीन टीमें तैयार हैं। पंचनामा के लिए 50 पुलिसकर्मी लगा दिए गए हैं। दो एसीपी निगरानी करेंगे।

2 Jul 20247:42:55 PM

कल हाथरस पहुंचेंगे सीएम योगी

हाथरस। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और पूर्व मंत्री अवधपाल सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। थोड़ी देर में मुख्य सचिव व डीजीपी पहुंचेंगे। कल सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। घायलों का इलाज कराएगी सरकार।

2 Jul 20247:18:37 PM

हाथरस हादसे पर अमित शाह ने जताया शोक, घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना

 

Hathras Stampede Update: हाथरस हादसे पर अमित शाह ने भी शोक व्यक्त करते हुए पोस्ट किया है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुःखद हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह कष्ट सहने की शक्ति दें। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

2 Jul 20247:00:32 PM

Hathras Stampede Update: हाथरस हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मु ने जताया शोक

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि हाथरस में हुए हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

 

2 Jul 20246:54:00 PM

Hathras Accident: पोस्टमार्टम हाउस पर मृत लोगों के शव व भीड़ को देख सिपाही की मौत

हाथरस। भोले बाबा सत्संग हादसे में पोस्टमार्टम गृह पर मृत लोगों के शव और भीड़ देख सिपाही की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। सिपाही रवि कुमार सिद्धार्थ नगर आईटीआई रोड थाना बन्ना देवी अलीगढ़ के रहने वाले थे। उनकी एटा में क्यूआरटी पर तैनाती थी। सिपाही की मौत से परिवार में  कोहराम मच गया।

2 Jul 20246:31:51 PM

Hathras Satsang Stampede: पांच बार अलीगढ़ में सत्संग कर चुके हैं साकार बाबा

हाथरस। साकार बाबा का सत्संग अलीगढ़ में भी चार से पांच बार हो चुके हैं। तालानगरी स्थित खाली प्लाट में बाबा सत्संग में इतनी भीड़ हो जाती है कि पैर रखने को जगह नहीं होती है। कई दिन पहले उनके भक्त यहां पर आकर मैदान की सफाई शुरू कर देते हैं। बाबा की सेवा बताकर दिन रात महिला और पुरुष भक्त आयोजन में जुट जाते हैं। प्रवचन स्थल तक बाबा के लिए अलग से एक रास्ता भी बनाया जाता था। इस मार्ग पर बाबा का काफिला ही निकलता था। इसके अलावा किसी को जाने की अनुमति नहीं थी। उनका कार्यक्रम जब समाप्त हो जाता तब रामघाट रोड ताला नगरी से लेकर क्वार्सी चौराहे तक जाम लग जाता था।

2 Jul 20246:19:35 PM

हाथरस की दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया दुःख, कहा- होगी गहन जांच

Hathras Satsang Accident Update: मुख्यमंत्री योगी खुद हाथरस में हुए हादसे की घटनाक्रम पर सीधी नजर बनाए रखे हैं। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा दो मंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी को मुख्यमंत्री ने मौके पर भेजा। साथ ही एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश हैं। सीएम योगी ने कहा कि कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ एफआईआर होगी। इसके लिए शासन बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।

2 Jul 20245:51:40 PM

हाथरस जिले में हुए हादसे के पीछे की वजह

Hathras Satsang Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ में 10 से अधिक लोगोंं की मौत हो गई है। वहीं अब सामने आई हाथरस में भगदड़ की असल वजह भी सामने आ गई है हादसे के मुख्य कारण…

2 Jul 20245:47:12 PM

हाथरस हादसे के पीछे व्यवस्थापकों की गलती

Hathras Accident Update: दोपहर लगभग 12.30 बजे सत्संग समाप्त होने के बाद भीड़ को रोक दिया गया था और भोले बाबा को पीछे के दरवाजे से निकाला जा रहा था, इससे अंदर दबाव बढ़ गया। वहां एक गहरा गड्ढा था, जिसमें कुछ लोग गिरे तो भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे को रौंदकर निकलते रहे। गड्ढे में गिरकर कई मौत हो गईं।

2 Jul 20245:35:45 PM

Hathras Accident Update: जिनके सत्संग में हुआ हादसा, पहले हो चुके हैं कई बड़े कार्यक्रम

Hathras Accident Update: हाथरस के सिकंदराराऊ में भोले बाबा के सत्संग में बड़ा हादसा हुआ है। आगरा में भी बाबा के बड़े सत्संग हो चुके हैं। आठ वर्ष पहले कोठी मीना बाजार में हुए सत्संग में बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचे थे। भीड़ इतनी थी कि मैदान में खड़े होने तक को जगह नहीं बची थी।बाबा के दर्शन को अनुयायी पेड़ों पर बैठ गए थे।

 

Hathras Satsang Stampede: एटा के सीएमओ ने की 27 मौतों की पुष्टि

हाथरस। Hathras Satsang Stampede Update: हाथरस हादसे में  90 से अधिक लोगों की भगदड़ के चलते मौत हो गई है। हालांकि एटा के सीएमओ उमेश कुमार ने हादसे में 27 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जिनमें 25 महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में हुए हादसे पर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

2 Jul 20244:40:12 PM

मुख्यमंत्री योगी ने हाथरस हादसे की ली जानकारी, अधिकारियों को समुचित इलाज के दिए निर्देश

Hathras Satsang Stampede Update: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में हुए हादसे का संज्ञान लिया। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

2 Jul 20244:32:46 PM

Hathras Satsang Stampede: हाथरस में 90 से अधिक की मौत

हाथरस। हाथरस में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ में 90 से अधिक लोगों की मौत की खबर आ रही है। वहीं महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

/