News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय स्वास्थ्य

50 फीसदी लोग नहीं पहन रहे हैं मास्क, देश में एक्टिव केस 12.1 फीसदी-स्वास्थ्य मंत्रालय


  • देश में लगातार कोरोना के मामलों में आ रही गिरावट के बीच गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से ताजा आंकड़े जारी किए गए। अभी भी देश में मौत के आंकड़ों में गिरावट ना के बराबर दिख रही है। इसी बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना के कहर के बावजूद भी 50 फ़ीसदी भी लोग मास्क नहीं पहन रही है। वहीं देश में एक्टिव केस 12.1 फीसदी हैं और कोविड से रिकवरी 86.7 फीसदी हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से कहा है कि ब्लैक फंगस के लक्षण और कंफर्म केस की जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को दी जाए। इसके इलाज के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और आईसीएमआर की गाइडलाइंस का पालन किया जाए।

वहीं आगे कहा कि यह कि देशभर में 3 मई को सक्रिय मामले 17.13 फीसदी थे, वे अब 12.1 फीसदी रह गए हैं। रिकवरी रेट 81.7 फीसदी से बढ़कर 86.7 फीसदी हो गई है। पिछले 10 दिनों में सक्रिय मामलों और रिकवर मामलों की तुलना करें तो 10 में से 9 दिनों को रिकवर मामले ज्यादा दर्ज़ किए गए।

संक्रमण दर में 10 हफ्ते तक बढ़ोतरी जारी रहने के बाद पिछले दो सप्ताह में इसमें कमी आनी शुरू हुई है। देश में जो नए मामले दर्ज किए गए हैं उसमें से 77 फीसदी मामले 10 राज्यों से हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि भारत में 8 राज्य ऐसे हैं, जहां पर अभी भी एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं।

वहीं 9 राज्य ऐसे हैं, जहां पर 50,000 से 1 लाख के बीच सक्रिय मामले हैं। लेकिन भारत के 19 राज्य ऐसे हैं जहां पर 50,000 से कम सक्रिय मामले हैं, जो एक राहत की खबर है

मंत्रालय ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल, राजस्थान, केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में कोरोना के मामलों में कमी देखने को मिल रही है। देश के 22 राज्यों में पॉजिटिव रेट 15 फ़ीसदी से ज्यादा है। जबकि 13 राज्यों में पॉजिटिव रेट 5 से 15 फ़ीसदी के बीच है। पिछले तीन हफ़्तों में 7 राज्यों में केस और पॉजिटिविटी रेट में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।