News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कांग्रेस के स्‍टार प्रचारकों की सूची में राहुल गांधी, कन्‍हैया कुमार शामिल,


नई दिल्‍ली, । कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा के छठे चरण के चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची सोमवार को जारी कर दी। इस सूची से जी-23 नेताओं के नाम नदारद हैं।कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जयराम रमेश, पूर्व सीएम ओकराम इबोबी सिंह और कन्हैया कुमार मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 30 शुरुआती प्रचारकों में शामिल हैं।

पार्टी ने एक बार फिर जी-23 नेताओं की अनदेखी की है। स्टार प्रचारकों की सूची में उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के प्रभारी गुलाम नबी आजाद का नाम नहीं है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल का भी नाम गायब है। संसद सदस्य मनीष तिवारी का नाम भी पंजाब के स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं है। इससे पहले भी कांग्रेस ने आनंदपुर साहिब से सांसद तिवारी को पंजाब के स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर रखा था, लेकिन उन्होंने वहां पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। सूत्रों ने कहा कि पंजाब में 40 फीसद आबादी हिंदू है और बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी रह रहे हैं।

सोनिया, राहुल के नाम शामिल

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम मणिपुर के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है। हालांकि स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने सक्रिय प्रचार से खुद को अलग कर रखा है। राहुल गांधी का नाम उत्तर प्रदेश और मणिपुर के प्रचारकों में शामिल है, लेकिन अभी तक उन्होंने उत्तर प्रदेश में प्रचार नहीं किया है।

इस बीच, रविवार को मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, के देवव्रत सिंह ने एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि कांग्रेस ने पांच दलों सीपीआई, सीपीएम, फॉरवर्ड ब्लॉक, आरएसपी और जेडी-एस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन किया है। इस साल के विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए गठबंधन को प्रगतिशील धर्मनिरपेक्ष गठबंधन (MPSA) नाम दिया गया है।

चुनाव आयोग ने मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों में संशोधन किया है। पहले चरण का मतदान 27 फरवरी के बजाय 28 फरवरी को होगा। जबकि, दूसरे चरण का मतदान 3 मार्च की जगह 5 मार्च को होगा। आयोग ने यह फैसला राज्य की मौजूदा स्थिति व अपने पुराने अनुभवों के साथ स्थानीय प्रशासन की मांगों को ध्यान में रखते हुए किया है। मणिपुर विधानसभा का चुनाव इस बार दो चरणों में कराया जा रहा है, जबकि वर्ष 2017 में यहां एक चरण में ही चुनाव कराए गए थे।