News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान युवक ने की गले लगाने की कोशिश


होशियारपुर, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, होशियारपुर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक व्यक्ति ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को गले लगाने की कोशिश की। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ कर हटा दिया।

सुरक्षा में चूक मामले पर बोले जीएस ढिल्लों

पंजाब के लॉ एंड ऑर्डर विंग के आईजी जीएस ढिल्लों ने बताया कि वीडियो से लगता है कि ये सुरक्षा में चूक है। हमने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिस तरीके से उसने राहुल गांधी को गले लगाया, उसकी उम्मीद नहीं थी। जब तक मैं आश्वस्त नहीं होता कि वे बुलाने पर आया था या किसी के साथ आ गया था, तब तक मैं कुछ नहीं कह सकता हूं।

 

आईजी ढिल्लों ने समाचार एजेंसी एएनआइ से कहा कि यह एक सुरक्षा उल्लंघन का मामला है। मैंने जो वीडियो देखा है वह सुरक्षा उल्लंघन की ओर इशारा करता है। उन्होंने बताया कि मैं राहुल गांधी के साथ 100 किलोमीटर चला हूं और हमारे पास 300 सुरक्षाकर्मी हैं।

क्या बोले पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग ने बताया कि युवक, राहुल गांधी का चाहने वाला था, जिसने एक्साइटमेंट में उन्हें गले लगा लिया। उन्होंने कहा कोई सुरक्षा उल्लंघन नहीं था, लोग सिर्फ राहुल गांधी से मिलना चाहते हैं और वह उनका स्वागत करते हैं, वह आदमी सुरक्षा जांच के बाद उनके पास आया और राहुल गांधी से मिलने के लिए बहुत उत्साहित था इसलिए अचानक उसे गले लगा लिया।

कई हस्तियों ने लिया यात्रा में हिस्सा

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों पंजाब दौरे पर है। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा होशियारपुर में चल रही है। इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा पंजाब के जालंधर में थी। इस दौरान सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था। एक दिन पहले पंजाब के आदमपुर में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने भी यात्रा में हिस्सा लिया था।

भगवंत मान पर भी बरसे थे राहुल गांधी

एक दिन पहले राहुल गांधी ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर भी निशाना साधा था। राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि वह अपनी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दबाव में न आएं, जो रिमोट कंट्रोल से राज्य को चला रहे हैं। राहुल ने कहा पंजाब पर दिल्ली से शासन नहीं किया जाना चाहिए, शासन पंजाब से ही किया जाना चाहिए।