Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार

Bihar : चुनाव के ठीक पहले JDU ने लिए थे ये दो बड़े फैसले, कितना होगा फायदा? छठे चरण में इम्तिहान


पटना। चुनाव के ठीक पहले जदयू द्वारा लिए गए दो फैसले छठे चरण में 25 मई को होने वाले चुनाव में कसौटी पर रहेंगे। मामला शिवहर व सिवान लोकसभा क्षेत्र से जुड़ा है। शिवहर की सीट पिछले कई आम चुनाव से भाजपा के खाते में रही है।

 

सीट शेयरिंग के तहत इस बार शिवहर की सीट जदयू (JDU) के खाते में है। दूसरा महत्वपूर्ण फैसला सिवान से प्रत्याशी बदलने का है। सीवान सीट जदयू के खाते में रही है। वहां से कविता सिंह जदयू की सांसद रही हैं। इस बार जदयू ने वहां से कविता सिंह की जगह विजयलक्ष्मी कुशवाहा को अपना प्रत्याशी बनाया है।

शिवहर में जदयू की कहानी नए प्लाट के साथ

शिवहर लोकसभा क्षेत्र में जदयू की कहानी इस बार नए प्लाट के साथ है। वर्ष 2014 में आखिर बार जदयू ने यहां से अपना प्रत्याशी दिया था। तब जदयू ने एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ा था। उस वर्ष के चुनाव में जदयू के प्रत्याशी शाहिद अली खान थे। उन्हें 9.39 प्रतिशत वोट मिले थे।

Bihar News उक्त चुनाव में 44.19 वोट हासिल कर भाजपा प्रत्याशी रमा देवी ने चुनाव जीता था। वर्ष 2009 में भी रमा देवी शिवहर से सांसद चुनी गयी थीं। वर्ष 2019 में भी रमा देवी ने एकतरफा अंदाज में 60.59 प्रतिशत वोट लाकर चुनाव जीता था।

राजद के सैयद फैसल अली दूसरे नंबर पर थे और उन्हें 26.71 प्रतिशत वोट आए थे। इस बार शिवहर में जदयू की कहानी शिवहर में नए प्लाट के साथ हैं। चुनाव के ठीक पहले लवली आनंद ने जदयू की सदस्यता ली और फिर जदयू ने उन्हें शिवहर सीट से अपना प्रत्याशी बनाया। \B

शिवहर में पहले भी रहीं हैं लवली आनंद

शिवहर में लवली आनंद पहले भी लोकसभा चुनाव की जंग में रहीं हैं। वर्ष 2009 के आम चुनाव में लवली आनंद ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस वर्ष उन्हें 14.24 प्रतिशत वोट आए थे। वह राजद प्रत्याशी के बाद चौथे नंबर पर रहीं थी। वर्ष 2014 का आम चुनाव भी उन्होंने शिवहर से लड़ा था। तब वह सपा के टिकट पर यहां से प्रत्याशी थीं। उस समय उन्हें 5.46 प्रतिशत वोट आए थे। वह जदयू प्रत्याशी के ठीक नीचे चौथे स्थान पर थीं।\B

सिवान में नए प्रत्याशी के साथ जदयू

सिवान लोकसभा क्षेत्र से जदयू इस बार नए प्रत्याशी के साथ चुनाव मैदान में है। जदयू ने 2019 के आम चुनाव में कविता सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया था। कविता सिंह ने 45.54 वोट हासिल कर राजद की हिना शहाब को पराजित किया था। उन्हें 33.66 प्रतिशत वोट मिले थे।

इस बार जदयू ने विजयलक्ष्मी कुशवाहा को अपना प्रत्याशी बनाया है। वह पहली बार चुनाव लड़ रहीं। जदयू के प्रत्याशी बदलने का फैसला कसौटी पर है। वैसे राजद ने भी हिना शहाब के इनकार के बाद अवध बिहारी चौधरी को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया है। हिना शहाब यहां से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं।