Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

BJP के साथ गठबंधन नहीं करेगी JDS देवेगौड़ा बोले- कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद तय होंगे उम्मीदवार


नई दिल्ली, । अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर पूर्व पीएम और जेडीएस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने बड़ा एलान कर दिया है। देवेगौड़ा ने बताया कि जनता दल (सेक्युलर) 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में स्वतंत्र रूप से लड़ेगी।

BJP के साथ गठबंधन नहीं करेगी JDS

साथ ही देवेगौड़ा ने एनडीए के साथ चुनावी गठबंधन से भी इनकार कर दिया है। देवेगौड़ा ने यह भी कहा है कि जद(एस) कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद ही लोकसभा चुनाव में केवल उन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारेगी जहां पार्टी मजबूत है। उन्होंने कहा कि जद(एस) लोकसभा चुनाव में अकेले ही लड़ेगी।

‘पार्टी कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद तय होंगे नाम’

देवेगौड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि चाहे हमारी पार्टी पांच, छह, तीन, दो या एक सीट जीतें, लेकिन हम लोकसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे। हम अपने कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद केवल उन्हीं जगहों पर उम्मीदवार उतारेंगे जहां हम मजबूत हैं।

कुमारस्वामी के बयान के बाद अटकलों ने पकड़ा था जोर

इससे पहले देवेगौड़ा के बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने पिछले हफ्ते कहा था कि उनकी पार्टी विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा के साथ मिलकर काम करेगी। उनके बयान के बाद ही जेडीएस और बीजेपी के बीच गठबंधन की अटकलों ने जोर पकड़ लिया था।

इसके अलावा अशोभनीय और अपमानजनक आचरण के लिए 10 भाजपा विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया गया था। जिसके बाद जद(एस) और भाजपा दोनों विधायकों ने विधानसभा सत्र का बहिष्कार किया था।