नई दिल्ली, । अलगे कुछ दिन आपको झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 27 अप्रैल से अगले 4-5 दिन पूर्वी, मध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिमी भारत में हीट वेव कंडीशन बनी रहेगी। ऐसे में आपको लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ेगा। पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिक समरजीत चौधरी के मुताबिक इस साल पश्चिमी विक्षोभ काफी देरी से आ रहे हैं। ऐसे में लम्बे समय तक हीट वेव की स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। 29 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखेगा। जिसके चलते धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना बन सकती है। पिछले दस सालों में अप्रैल के महीने में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक नहीं पहुंचा था। लेकिन इस साल अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन दक्षिण गुजरात क्षेत्र और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बेहद गर्म हवाएं दर्ज की जाएंगी। उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं गुजरात और महाराष्ट्र में भी अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 25 अप्रैल को 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।