News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Karnataka Election: ‘कर्नाटक की संप्रभुता’ सोनिया गांधी के बयान पर घमासान, BJP ने की चुनाव आयोग से शिकायत


हुबली, : आज कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है और सभी पार्टियां जमकर बयानबाजी कर रही है। इसी क्रम में सोनिया गांधी के हुबली में दिए एक भाषण में संप्रभुता शब्द का इस्तेमाल करने पर बवाल मच गया है। भाजपा सांसदों ने सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज की है। इस मामले को लेकर दिल्ली में बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिले है।

कांग्रेस का घोषणापत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा

इस बीच केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सोनिया गांधी ने जानबूझकर संप्रभुता शब्द का इस्तेमाल किया। कांग्रेस का घोषणापत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा है और इसलिए वे इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस राष्ट्र विरोधी कृत्य के खिलाफ कार्रवाई करेगा।

बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे की मांग

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे ने भी सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग को शिकायत दी है। भाजपा सांसद ने सोनिया गांधी पर आरोप लगाया है कि हुबली में दिए एक भाषण में सोनिया गांधी ने कर्नाटक की संप्रभुता के बारे में बात की थी। जबकि संप्रभुता शब्द केवल देश के लिए उपयोग किया जाता हैं। उन्होंने सोनिया गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

‘सोनिया गांधी ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग की मुखिया’

बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, ‘आज हमने चुनाव आयोग को सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने हुबली में एक भाषण दिया जिसमें उन्होंने कर्नाटक की संप्रभुता के बारे में बात की। हम देश के लिए संप्रभुता का उपयोग करते हैं। वह ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग की मुखिया है। हमने मांग की कि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।

क्या कहा था सोनिया गांधी ने?

6 मई को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी हुबली में प्रचार करने पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने जमकर बीजेपी पर निशाना साधा और लोगों से कांग्रेस को वोट देने की भी अपील की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा था कि ‘कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता के लिए खतरा पैदा करने की अनुमति नहीं देगी।’