News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय

Ratan Tata : अमित शाह मुकेश अंबानी ने श्रद्धांजलि अर्पित की थोड़ी देर में होगा अंतिम संस्कार


दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के स्वर्गवास के बाद देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत शीर्ष हस्तियों ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का 86 वर्ष की उम्र में स्वर्गवास हो गया। टाटा समूह ने इसकी जानकारी दी है। टाटा समूह ने कहा कि अपार दुख के साथ हम अपने प्रिय रतन के शांतिपूर्ण निधन की घोषणा करते हैं। हम, उनके भाई, बहन और स्वजन, उनकी प्रशंसा करने वाले सभी लोगों के प्रेम और सम्मान से सांत्वना महसूस करते हैं।

रतन टाटा के स्वर्गवास पर टाटा समूह के अध्यक्ष एन चन्द्रशेखरन ने कहा कि अत्यंत दुख के साथ हम रतन नवल टाटा को विदाई दे रहे हैं। वह वास्तव में एक असाधारण नेतृत्वकर्ता थे, जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह को बल्कि राष्ट्र को भी आकार दिया है।

 

10 Oct 20243:34:42 PM

रतन टाटा ने भारतीय उद्योग को नई ऊंचाइयां दीं: प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बृहस्पतिवार को रतन टाटा के स्वर्गवास पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने अपने अथक प्रयासों और प्रगतिशील दृष्टिकोण से भारतीय उद्योग को नई ऊंचाइयां दीं।

10 Oct 20243:20:40 PM

Ratan Tata Last Rites: मुकेश अंबानी ने श्रद्धांजलि अर्पित की

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक-चेयरपर्सन नीता अंबानी ने मुंबई में रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी।

10 Oct 20242:52:38 PM

Ratan Tata Passes Away: अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुंबई में रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

10 Oct 20242:29:14 PM

वह अपने समय से आगे के व्यक्ति थे: एस जयशंकर

 रतन टाटा के स्वर्गवास पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, “मैं उनसे पहली बार तब मिला था जब मैं सरकार में एक तरह से मध्यम स्तर पर था। उस समय, हमने अमेरिका के साथ सीईओ फोरम की शुरुआत की थी। वह एक ऐसे व्यक्ति के रूप में स्वाभाविक पसंद थे जो इसका नेतृत्व करने वाले थे। इसलिए उन वर्षों में हम एक साथ मिलकर काम करते थे, अमेरिका की यात्रा करते थे।

एस जयशंकर ने आगे कहा,”वह वास्तव में एक उल्लेखनीय व्यक्ति थे। मुझे लगता है कि अगर आप आज की भावना, स्नेह, सम्मान को देखें, तो मुझे उद्योग जगत में ऐसा कोई व्यक्ति याद नहीं आता जिसने बहुत व्यापक वर्ग के लोगों में इस तरह की भावना पैदा की हो। मेरा मतलब है, इसे वास्तव में राष्ट्रीय क्षति के रूप में देखा जाता है। वह अपने समय से आगे के व्यक्ति थे। उन्होंने टाटा समूह को एक तरह से विदेश में ले गए।”

10 Oct 20242:19:56 PM

रतन टाटा में जोखिम उठाने की जबरदस्त क्षमता थी: ज्योतिरादित्य सिंधिया

रतन टाटा के स्वर्गवास पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा,”आज पूरे देश के लिए दुखद दिन है, भारत के सच्चे सपूत रतन टाटा हमारे बीच नहीं रहे। उनका जीवन हर युवा और भारतीय के लिए प्रेरणा है। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, जोखिम उठाने की उनकी क्षमता थी। वे उन चीजों में निवेश करते थे जिनमें दूसरे निवेश करने से डरते थे।”

10 Oct 20241:52:03 PM

एक बिजनेस आइकॉन से कहीं ज्यादा थे रतन टाटा: मनमोहन सिंह

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के लिखे लेटर में कहा,”रतन टाटा एक बिजनेस आइकॉन से कहीं ज्यादा थे। वे अपने विजन और मानवता के लिए किए गए कामों के लिए याद किए जाएंगे। उनमें सत्ता में बैठे व्यक्ति से सच बोलने का साहस था।”

10 Oct 20241:23:54 PM

ईशा अंबानी ने दी रतन टाटा को श्रद्धांजलि

रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी और पीरामल समूह के कार्यकारी निदेशक आनंद पीरामल ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी।

10 Oct 20241:18:06 PM

Ratan Tata Last Rites: भारत ने एक रत्न खो दिया: अनुपम खेर

 रतन टाटा के स्वर्गवास पर एक्टर अनुपम खेर ने कहा,”मुझे लगता था कि रतन टाटा जीवन भर हमारे साथ रहेंगे क्योंकि जब कुछ लोगों की बात आती है, तो आप उनसे हर दिन नहीं मिल सकते हैं, लेकिन आप देश के बुनियादी ढांचे, चैरिटी संस्थानों में उनके अनुभव को देख सकते हैं। आज भारत ने एक रत्न खो दिया है। मैं उनसे कुछ साल पहले लंदन में मिला था, मैंने उनसे 5-10 मिनट बात की थी।”

10 Oct 202412:58:45 PM

Ratan Tata Passes Away: वह एक सच्चे राष्ट्रभक्त थे: अमित शाह

दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को याद किया। उन्होंने कहा, “श्री रतन टाटा का कल स्वर्गवास हो गया। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वह न केवल भारत में बल्कि दुनिया में एक सम्मानित उद्योगपति थे। उन्होंने ऐसे समय में टाटा समूह का नेतृत्व संभाला जब टाटा समूह के लिए बदलाव करना महत्वपूर्ण था। वह एक सच्चे राष्ट्रभक्त थे।”

अमित शाह ने आगे कहा,”उन्होंने टाटा समूह के काम करने के तरीके और कई व्यवसायों को बदल दिया। रतन टाटा जी के नेतृत्व में व्यापार समूह ने शिक्षा और कैंसर उपचार सहित कई अन्य क्षेत्रों में बहुत काम किया। रतन टाटा की विरासत उद्योग में लोगों का मार्गदर्शन करेगी।”

10 Oct 202412:52:59 PM

रतन टाटा ने टाटा समूह को एक नए शिखर पर पहुंचाया: हरिवंश नारायण सिंह

रतन टाटा के निधन पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कहा,”रतन टाटा का निधन न केवल देश बल्कि दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं उनके महान और उल्लेखनीय कार्यों को याद करके उन्हें अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। रतन टाटा ने टाटा समूह को एक नए शिखर पर पहुंचाया, उन्होंने दुनिया भर के कम से कम 100 देशों में अपना कारोबार फैलाया।”

10 Oct 202412:36:55 PM

Ratan Tata Bharat Ratna रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग

महाराष्ट्र कैबिनेट ने रतन टाटा को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पास किया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि रतन टाटा देश के अभिमान और स्वाभिमान थे। शिंदे कैबिनेट ने केंद्र सरकार से भारत रत्न देने की मांग की है।

10 Oct 202412:32:29 PM

रतन टाटा का निधन बहुत दुखद: ललन सिंह

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर कहा, “रतन टाटा का निधन बहुत दुखद है। इस देश के औद्योगिक विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान था, उन्होंने पूरे औद्योगिक जगत को एक नई दिशा दी थी।”

10 Oct 202412:19:52 PM

Ratan Tata Last Rites: लालकृष्ण आडवाणी ने रतन टाटा को दी श्रद्धांजलि

रतन टाटा के स्वर्गवास पर शोक संदेश में भारत रत्न और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा,”रतन टाटा जी से मेरी आखिरी बातचीत इस साल फरवरी में हुई थी, जब मुझे उनका एक गर्मजोशी भरा पत्र मिला था, जिसमें उन्होंने मुझे भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी थी। उनकी गर्मजोशी, उदारता और दयालुता हमेशा से बहुत प्यारी रही है।”

10 Oct 202411:57:58 AM

Ratan Tata Last Rites: वह देश के बेटे थे: शक्तिकांत दास

भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मैं यहां उन्हें श्रद्धांजलि देने आया था। रतन टाटा दूरदर्शी थे और कॉरपोरेट गवर्नेंस के एथिक्स में विश्वास करते थे। वह देश के बेटे थे। उनका निधन देश के लिए बड़ा नुकसान है। जब भी आधुनिक भारत का आर्थिक इतिहास लिखा जाएगा तो उनकी उपलब्धियों का जिक्र जरूर होगा।

10 Oct 202411:49:50 AM

Ratan Tata: रतन टाटा के काम का प्रभाव अद्वितीय: कुमार मंगलम बिड़ला

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, “यह देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। न केवल कॉर्पोरेट इंडिया के लिए बल्कि पूरे देश के लिए। उनके काम का प्रभाव अद्वितीय है। हमें उन्हें उनके काम की समृद्धि के माध्यम से याद रखना चाहिए। हम कई बार मिले थे, सालों पहले – वह शांत, मितव्ययी थे और हमेशा देश के हित में सोचते थे।”

10 Oct 202411:24:50 AM

Ratan Tata Last Rites: पीएम मोदी ने टाटा के परिवार वालों से की बात

प्रधानमंत्री ने टाटा के परिवार से फोन पर बात की है। पीएम मोदी ने रतन टाटा के स्वर्गवास पर उनके परिवारजनों को ढांढस बंधाया।

10 Oct 202411:22:39 AM

Ratan Tata Passes Away: हर अच्छे काम के लिए हमेशा तैयार रहते थे रतन टाटा: पीयूष गोयल

रतन टाटा के स्वर्गवास पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दुख प्रकट करते हुए कहा, “रतन टाटा बहुत संवेदनशील व्यक्ति थे। उन्होंने टाटा समूह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया और भारत का नाम भी रोशन किया। उनका व्यक्तित्व परोपकारी था। हर अच्छे काम के लिए वे हमेशा तैयार रहते थे।”

पीयूष गोयल ने आगे कहा,”जब देश कोविड महामारी से जूझ रहा था, तब रतन टाटा ने बिना किसी झिझक और शर्त के 1500 करोड़ रुपये देने का संकल्प लिया। इससे हमें कोविड के खिलाफ लड़ाई लड़ने में अपने हाथ मजबूत करने में मदद मिली।”

10 Oct 202411:05:09 AM

Ratan Tata Passes Away: कुमार मंगलम बिड़ला ने दी श्रद्धांजलि

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि देने एनसीपीए मैदान पहुंचे।