Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

Russia Ukraine War: यूक्रेन ने पश्चिमी देशों से मांगे हथियार, कहा- जल्द होनी चाहिए आपूर्ति


निप्रो, : रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन (Ukraine) ने पश्चिम देशों से हथियारों की तेजी से आपूर्ति की आवश्यकता पर जोर दिया है। शनिवार को रूसी हमले ने यूक्रेन के निप्रो शहर में एक नौ मंजिला अपार्टमेंट को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसमें तीन बच्चों समेत 40 लोग मारे गए थे। इस हमले के बाद पूर्वी मोर्चे पर यूक्रेनी सैनिकों पर दबाव बढ़ गया है।

कस्बों और गांवों को रूस ने बनाया निशाना

यूक्रेनी सेना के जनरल स्टाफ ने सोमवार शाम के अपडेट में बताया कि रूसी तोपों ने डोनबास क्षेत्र की ओर आगे बढ़ने के क्रम में बखमुत और अव्दिका के आसपास के लगभग 25 कस्बों और गांवों को निशाना बनाया है। उन्होंने बताया कि रूस ने अपनी सीमा के पास खार्किव और सुमी क्षेत्रों में 30 से अधिक बस्तियों में गोलाबारी जारी रखी है। वहीं, दक्षिण में रूसी मोर्टार और तोपखाने की फायरिंग ने खेरसॉन सहित कई शहरों को प्रभावित किया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि निप्रो में शनिवार को हुए मिसाइल हमले के बाद 25 लोग लापता हैं, उनका कोई पता नहीं चल पाया है। छह बच्चों समेत 39 लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है।

नए हमलों के प्रयास में रूस

यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने सोमवार रात वीडियो संबोधन में कहा कि निप्रो का हमला सही नहीं है। रूस युद्ध में अब नए प्रयासों की तैयारी कर रहा है। ऐसे में मोर्चे पर सैन्य कार्रवाई के लिए हथियारों की आपूर्ति पर नए निर्णयों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और उसकी स्वतंत्रता की रक्षा करने वाले सभी सहयोगी देशों का इस पर विचार करना महत्वपूर्ण है। उन्हें हथियारों की आपूर्ति को लेकर तेजी से निर्णय लेना चाहिए।

ब्रिटेन का फैसला

बता दें कि पिछले साल 24 फरवरी को रूसी सेना के आक्रमण के बाद से पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को हथियारों की लगातार आपूर्ति की है। जेलेंस्की और उनकी सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि उन्हें टैंकों की आवश्यकता है। इस बीच ब्रिटेन ने सोमवार को कहा कि वो 14 चैलेंजर 2 टैंक और अन्य हार्डवेयर सहित सैकड़ों और बख्तरबंद वाहन व एडवांस वायु रक्षा मिसाइलें भेजने जा रहा है।

रूस पर बिना कारण युद्ध का आरोप

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच हो रहे इस युद्ध में हजारों लोग मारे जा चुके हैं, लाखों लोग विस्थापित हुए हैं और कई शहर मलबे में बदल चुके हैं। यूक्रेन और उसके सहयोगियों ने क्षेत्र को हड़पने और उसकी स्वतंत्रता को खत्म करने के लिए रूस पर अकारण युद्ध का आरोप लगाया है। वहीं, मॉस्को ने पिछले हफ्ते पूर्वी यूक्रेनी नमक खनन शहर सोलेदार पर कब्जा करने का दावा किया था। लेकिन, यूक्रेनी सरकार ने इसे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में अभी भी उसकी कुछ मौजूदगी है और लड़ाई जारी है।