Latest News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

अफगान मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों को बाहर रखने पर भड़के राहुल-प्रियंका


भारतमें महिलाओंको हर क्षेत्रमें समान भागीदारीका अधिकार-राहुल
नयी दिल्ली (आससे)। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी की दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों की एंट्री पर लगे प्रतिबंध को लेकर विवाद बढ़ चुका है। प्रियंका गांधी के बाद अब कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सीधा पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस की लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए पीएम मोदी को टैग करते हुए पोस्ट में लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कृपया यह स्पष्ट करें कि तालिबान के प्रतिनिधि की भारत यात्रा के दौरान उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस से महिला पत्रकारों को हटाने को लेकर आपकी क्या स्थिति है? उन्होंने आगे लिखा, अगर महिलाओं के अधिकारों को लेकर आपकी मान्यता सिर्फ एक चुनाव से दूसरे चुनाव तक सीमित दिखावा नहीं है, तो फिर हमारे देश में, जहां महिलाएं हमारी रीढ़ हैं, हमारी शान हैं, इतनी योग्य महिला पत्रकारों का यह अपमान कैसे होने दिया गया? प्रियंका गांधी के इसी पोस्ट को शेयर करते राहुल गांधी ने भी मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, मोदी जी, जब आप किसी सार्वजनिक मंच पर महिला पत्रकारों को बाहर रखे जाने की अनुमति देते हैं, तो आप भारत की हर महिला को यह संदेश दे रहे हैं कि आप उनके लिए खड़े होने के लिए बहुत कमजोर हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा कि, हमारे देश में महिलाओं को हर क्षेत्र में समान भागीदारी का अधिकार है। इस तरह के भेदभाव पर आपकी चुप्पी आपके ‘नारी शक्तिÓ नारों की खोखलापन दिखाती है।
——————