चंदौली

कूंए में मिला युवक का शव, गांव में हड़कम्प


धानापुर। थाना क्षेत्र में खड़ान गांव के दलित बस्ती के पास में स्थित एक कुंए में शनिवार को सुबह युवक का शव उत्तराये हुए देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार खड़ान गांव निवासी प्रदीप कुमार 24 शुक्रवार सुबह घर से गायब हो गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने पूरी रात गांव में उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने धानापुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित खेत के कुएं में उसका शव उतराया हुआ मिला जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक प्रदीप कुमार स्व० कमला राम का पुत्र था। उसने एक वर्ष पहले कोर्ट मैरिज की थी। प्रदीप मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रदीप कुएं में कैसे गिरा और उसकी मौत का कारण क्या है। खड़ान गांव के प्रधान प्रतिनिधि बलवंत सिंह ने बताया कि एक दिन पहले घर से गायब हुए युवक का शव आज सुबह कुएं में मिला है। धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच.पड़ताल में जुटी है।