पटना

जहानाबाद: बाइक पर तीन लोग थे सवार, पुलिस ने रोका तो जवानों पर किया हमला


      • पकड़े जाने के बाद थाना परिसर में भी मचाया उत्पात
      • थानाध्यक्ष व अंचलाधिकारी पर बोला हमला, घायल

मखदुमपुर (जहानाबाद)। स्थानीय थाने की पुलिस ने एनएच 83 पर सागरपुर मोड़ के पास शुक्रवार की दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक पर ट्रिपल सवार को रोका तो बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। यही नहीं, जब उन्हें पीछा कर पकड़ा गया और थाना परिसर लाया गया तो वहां भी उन लोगों ने उत्पात मचाया गया। थाना परिसर में भी आरोपितों ने सीओ राजीव रंजन और थानाध्यक्ष रंजय कुमार पर हमला बोल दिया गया। इस घटना में दोनों अधिकारी भी घायल हो गए।

बताया गया है कि पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। जांच के दौरान बिशुनगंज ओपी क्षेत्र के कन्हैया बिगहा गांव का एक बाइक चालक नियम की अनदेखी करते जहानाबाद की ओर जा रहा था। बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिसमें एक महिला भी थी। दोनों पुरुष बिना हेलमेट के थे। पुलिस ने रोककर उन लोगों से कागजात की मांग की एवं लॉकडाउन का उल्लंघन कर वाहन चलाने का कारण पूछा। इस पर तीनो लोग पुलिस के साथ गाली गलौज करने लगे। पुलिस ने थाने चलने को कहा तो वे और भी उग्र हो गए।

इसी दौरान वे पुलिस टीम के साथ मारपीट करने लगे। पत्थर फ़ेंककर पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया। पिटाई से बचने के लिए पुलिस वाहन का चालक जवानों को वहीं छोड़ गाड़ी लेकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस को पीटने के बाद वाईक सवार जहानाबाद की ओर भाग गए।

घटना की सूचना मिलने पर मखदुमपुर थाने से अतिरिक्त पुलिस पहुंची और उनका पीछा किया जाने लगा। बाद में मई गांव के निकट से तीनों को पकड़कर थाना लाया गया। थाने में उन लोगों ने थानाध्यक्ष रंजय कुमार और सीओ राजीव रंजन पर पत्थर फ़ेंक कर हमला कर दिया। जिससे सीओ और थाना अध्यक्ष घायल हो गए। इस घटना में चालक महेश प्रसाद को सबसे अधिक चोटें आई। घटना में सिपाही मनोज कुमार सिंह और मुकेश कुमार भी घायल हो गए। सभी घायल पुलिस कर्मियों, सीओ और थानाध्यक्ष का ईलाज रफ़ेरल अस्पताल मखदुमपुर में कराया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पर पथराव करने वाले लोग विशुनगंज ओपी के कन्हैया विगहा गांव के रहने वाले हैं। इधर, सीओ राजीव रंजन ने बताया कि तीनों लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।