Latest News आगरा उत्तर प्रदेश मनोरंजन

फैशन ब्लागर हत्याकांड में दस दिन बाद दो और आरोपित पकड़े, चौथी मंजिल से फेंककर हुई थी हत्या


आगरा, । फैशन ब्लागर रितिका हत्याकांड में फरार दो आरोपितों को पुलिस ने गुरुवार रात को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर आरोपितों को जेल भेज दिया गया। उनके कब्जे से रितिका और उसके हत्यारोपित पति आकाश के मोबाइल बरामद हो गए हैं। घटना के बाद मोबाइल लेकर ये दोनों अपार्टमेंट से फरार हो गए थे।

चौथी मंजिल से फेंका था महिला को

ताजगंज क्षेत्र में ओम श्री प्लेटिनम अपार्टमेंट में 24 जून को फैशन ब्लागर रितिका सिंह की चौथी मंजिल से फेंककर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस रितिका के पति आकाश गौतम समेत तीन को जेल भेज चुकी है।मुकदमे में नामजद टूंडला निवासी चेतन और अनवर फरार थे। पुलिस ने गुरुवार रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर कर जेल भेज दिया गया है। उनके कब्जे से रितिका और आकाश के गायब मोबाइल भी बरामद हो गए हैं।

आरोपितों को बताई थी फ्लैट खाली करने की कहानी

आरोपितों ने पूछताछ में बताया है कि आकाश की चेतन से दाेस्ती थी और चेतन का दोस्त अनवर है। चेतन ने बताया कि आकाश ने उससे कहा था कि कुछ लोगों ने उसके फ्लैट में कब्जा कर लिया है। उसे खाली कराना है। चेतन के कहने पर अनवर भी साथ आया था। घटना के बाद वे आकाश और रितिका का फोन लेकर भाग गए थे।

चेतन ने मोबाइल बनाने की कोशिश की थी

चेतन ने अपने मोबाइल से घटना के समय का वीडियो बनाने की कोशिश की थी। मगर, वीडियो नहीं बना था। घटना के बाद उसने अपना फोन फेंक दिया। इसलिए वह बरामद नहीं हुआ है। हत्या के आरोप में जेल भेजा गया चेतन सामान की डिलीवरी करता था। कभी-कभी वह हास्पिटल में नौकरी कर लेता था। उसकी अनवर से दोस्ती थी। अनवर मजदूरी करता था।

इंस्टाग्राम पर था अकाउंट

रितिका का इंस्टाग्राम पर द स्टेटिंग साउल के नाम से अकाउंट है। इस पर रितिका ने फैशन, फूड और ट्रैवलिंग से संबंधित 375 वीडियो अपलोड हैं।

अकाउंट के 44.6 हजार फालोवर हैं। रितिका ने 1126 लोगों को फालो किया था। कई वीडियो में वह ब्यूटी प्रोडक्ट का एड भी करती दिख रही है। जानकारों का कहना है कि इन प्रोडक्टस की बिक्री पर उसकी कमाई भी होती होगी। अन्य इंटरनेट मीडिया माध्यमों पर भी वह सक्रिय थी।