Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर आज से दिल्‍ली दौरे पर


शिमला, । Jairam Thakur Delhi Visit, हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर आज से दिल्‍ली दौरे पर हैं। शनिवार दोपहर को दिल्‍ली रवाना हुए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का शनिवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम था। दोपहर बाद मुख्‍यमंत्री हिमाचल भवन में पहुंचे। बताया जा रहा है उनके साथ वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया भी दिल्‍ली रवाना हुए हैं। मुख्‍यमंत्री शाम 6:30 बजे स्वर्णिम हिमाचल कला महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

पांच दिसंबर को सुबह 8:30 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय युवा सेवाएं एवं खेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ रन फार हिमाचल मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह आयोजन हिमाचल के 50 साल पूरे होने पर हो रहे हैं। सालभर से इन कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। दिल्‍ली में मैराथन को हरी झंडी देने के बाद बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।

दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है आज शाम को सीएम जयराम ठाकुर केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। क्‍यास लगाए जा रहे हैं कि जयराम ठाकुर की पीएम मोदी से भी मुलाकात हो सकती है। हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा व एक लोकसभा सीट पर मिली हार के बाद सीएम जयराम ठाकुर पहली बार दिल्‍ली रवाना हुए हैं। बताया जा रहा है मुख्‍यमंत्री पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा को चुनाव के संबंध में रिपोर्ट भी देंगे।