Latest News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

अस्ताचलगामी सूर्यको व्रतियोंने दिया अर्घ्य


सूर्योपासनाके महापर्व डाला छठ पर
देशभरमें छठकी रही धूम, उगते सूर्यको अर्घ्य देनेके साथ आज पूर्ण होगा व्रत
नयी दिल्ली (आससे)। सूर्योपासनाका महापर्व डाला छठपर देशभरमें छठव्रतियोंने अस्ताचल गामी सूर्यको अर्घ्य दिया। मुम्बईमें समुद्रके किनारे छठ व्रतियोंकी काफी भीड़ जुटी। दिल्लीमें जमुनाघाटपर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ताने व्रतियोंके साथ पूजा की। पूरे बिहारमें छठव्रतियोंसे गंगाके सभी घाट पटे रहे। उगते सूर्यको अर्घ्य देनेके लिए व्रती महिलाओं सहित परिजनोंने पूरी रात नदी एवं सरोवरोंके तटपर छठी मइयाकी गीत गाते हुए व्यतीत कीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के पवित्र अनुष्ठान के लिए शुभकामनाएं देते हुये सभी की भलाई की प्रार्थना की और भगवान सूर्य से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का आशीर्वाद मांगा है। साथ ही प्रधानमंत्री ने छठी मैया को समर्पित भक्ति गीत भी साझा किये है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट में लिखा कि देशभर के अपने परिवारजनों को महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य की अनंत शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की हमारी परंपरा बहुत विशिष्ट है। सूर्यदेव की कृपा से सबका कल्याण हो, सबको जीवन में सुख-संपदा और सफलता की प्राप्ति हो, यही कामना है। जय छठी मइया! बता दें कि लोकआस्था के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। सोमवार शाम से शुरू निर्जला उपवास में आज श्रद्धालु व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को श्रद्धा-अर्घ्य अर्पित करेंगे। मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ ही चार दिन का यह पावन अनुष्ठान संपन्न हो जायेगा। महापर्व छठ के अवसर पर भगवान भास्कर से राज्य की प्रगति, सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना है।बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने अपने परिवार के साथ सरकारी आवास पर चार दिवसीय इस लोक आस्था के पर्व में भाग लिया। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। उनकी पत्नी नीता केसकर चौधरी पिछले 13 वर्षों से निर्जला छठ व्रत करती आ रही हैं। इस मौके पर मंत्री की बेटी और समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व हमारी संस्कृति और नारी शक्ति की पहचान है। इस पर्व से हमें पर्यावरण, नदियों और प्रकृति के प्रति सम्मान की प्रेरणा मिलती है। डिप्टी सीएम और तारापुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर अपने पैतृक निवास तारापुर(मुंगेर) में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा कि लोकदेव भगवान भास्कर और छठी मईया की कृपा बिहार पर बनी रहे। बिहार के विकास, उन्नति, संपन्नता के कोष को भगवान दीनानाथ भर दें।लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन बांका के सभी छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा । नदी, तालाब और पोखरों के तट भक्ति गीतों और दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठे। व्रतधारियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज की मंगलकामना के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
—————–