नयी दिल्ली राष्ट्रीय

इंडियन ऑयल ने रूस से खरीदे पांच तेल के जहाज



नयी दिल्ली (आससे)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिका और यूरोपीय देशों के दबाव के बावजूद भारत ने एक बार फिर अपने ऊर्जा हितों को सर्वोपरि रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। देश की सबसे बड़ी रिफाइनिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने दिसंबर महीने के लिए रूस से 5 कार्गो कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) खरीदे हैं। खास बात यह है कि ये सभी खरीद गैर-प्रतिबंधित रूसी कंपनियों से की गई हैं। इस डील के बाद पश्चिमी देशों में हलचल मच गई है, क्योंकि यह कदम भारत की स्वतंत्र ऊर्जा नीति का स्पष्ट संकेत है। एक खबर के अनुसार, इंडियन ऑयल ने करीब 3.5 मिलियन बैरल रूसी तेल खरीदा है, जिसकी डिलीवरी दिसंबर में भारत के पूर्वी बंदरगाह पर होगी। यह डील दुबई ऑयल प्राइस के लगभग समान दर पर हुई है।
कंपनी ने उन रूसी कंपनियों से तेल नहीं खरीदा जो अमेरिका या यूरोपीय देशों की पाबंदियों के दायरे में आती हैं।
हाल ही में अमेरिका ने रूस की दो सबसे बड़ी कंपनियों रोसनेफ्ट और लुकोइल पर सख्त प्रतिबंध लगाए हैं। इसके बाद कई भारतीय रिफाइनरियों जैसे मेंगलुरु रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड, मित्तल एनर्जी लिमिटेड और रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अस्थायी रूप से रूसी तेल खरीदना रोक दिया था। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के वित्त प्रमुख अनुज जैन ने कहा कि कंपनी रूस से तेल खरीद जारी रखेगी, बशर्ते कि यह अंतरराष्ट्रीय नियमों के दायरे में हो।
————————–