Latest News पंजाब

कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों ने बढ़ाई कैप्टन की मुश्किलें, रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू


  • चंडीगढ़, : पंजाब रोडवेज पनबस कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन और PRTC के कच्चे कर्मियों ने भी अपनी सेवाएं रेगुलर करने की मांग को लेकर हड़ताल करने का फैसला किया है। पंजाब रोडवेज, पनबस व पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (PRTC) के कांट्रैक्ट कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की वजह से पंजाब में सोमवार से करीब दो हजार सरकारी बसें नहीं चल रही हैं। इसका असर रविवार शाम से ही दिखना शुरू हो गया था। लंबे रूट की बसों को नहीं चलाया गया। कुछ के रूट सीमित कर दिए गए। इस हड़ताल से दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के रूट प्रभावित होंगे। हालांकि, नियमित नौकरी वाले ड्राइवर कुछ रूट चालू रखेंगे। वहीं, प्राइवेट बस सेवा पर इसका कोई असर नहीं होगा।

सरकार को चेतावनी

कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर मुलाजिमों की मांगों को लेकर सकराकार की टाल मटोल नीति जारी रखी तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। रोजगार पक्का करवाने के लिए हमारे साथी हर वक़्त संघर्ष में अहम रोल अदा करने के लिए तैयार हैं। वर्कर यूनियन का कहना है कि पंजाब सरकार ट्रांसपोर्ट के कच्चे मुलाजिमों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पक्का करने के लिए सरकार ने कई बार भरोसा दिलाया लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। ट्रांसपोर्ट मंत्री ने भी कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने का आश्वसान दिया था और पहली कैबिनेट बैठक में इसको पास करके लागू करने के लिए कहा था। जिस वजह से यूनियन ने आंदोलन को टाल दिया लेकिन इसके बाद भी मांगों को पूरा नहीं किया गया।