Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

गुजरात आए रक्षामंत्री राजनाथ, डिफेंस एक्सपो की तैयारियां शुरू,


  1. वडोदरा। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज गुजरात में हैं। यहां वह कई बैठकों में हिस्सा लेंगे। सुबह उनकी वडोदरा एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। जहां से वह केवड़िया में भाजपा कार्यकारी बैठक को संबोधित करने पहुंचे। इसके बाद उनकी “डिफेंस एक्सपो-2022” की तैयारियों का शेड्यूल है। इस दौरान वह “डिफेंस एक्सपो-2022” की तैयारियों को लेकर सुरक्षा अधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। रक्षा मंत्रालय की ओर से बताया गया कि, “डिफेंस एक्सपो-2022” आगामी मार्च महीने में आयोजित होने जा रहा है। इसे लेकर गुजरात की राजधानी गांधीनगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में गुजरात के केवड़िया में डिफेंस एक्सपो-2022 के आयोजन के लिए रक्षा मंत्रालय और गुजरात सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुआ।

11-13 मार्च के बीच होगा डिफेंस-एक्सपो
रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर बताया गया कि, दो साल में एक बार होने वाला डिफेंस-एक्सपो गांधीनगर में अगले साल 11-13 मार्च के बीच होगा। मंत्रालय के उत्पादन विभाग ने डिफेंस‌ एक्सपो के 12वें संस्करण का ‘लोगो’ भी जारी कर दिया है। जिस पर टैग लाइन दी गई ‘इंडिया: द इमर्जिंग डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब’। यानी इसमें देशी हथियारों एवं साजो-सामान को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे पहले पिछला डिफेंस एक्सपो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था, जबकि नौवां संस्करण चेन्नई और आठवां गोवा में हुआ था। उससे पहले तक डिफेंस-एक्सपो राजधानी दिल्ली में होता रहा है।