चंदौली

चंदौलीसुंदरकांड पाठ श्रवण से दुखों का होता है अंत:बंसराज


अलीनगर। सुंदर कांड पाठ श्रवण से मनुष्य के दुखों सहित समस्याओं का निराकरण होता है। सुंदर कांड पाठ में प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान जी के कार्यो की विस्तृत चर्चा की गयी है। लंका में माता सीता शोकग्रस्त बैठी हुई थी। इस दौरान प्रभु श्रीराम के दूत के रुप में पहुंचे हनुमान जी द्वारा प्रभु श्री राम का संदेश सुन माता सीता प्रसन्न हुई थी। उक्त बातें क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहरोई में अनिल मिश्र व अरुण कुमार मिश्र के आवास पर आयोजित सुंदर कांड पाठ के दौरान उपस्थित मानस मर्मज्ञ बंसराज मिश्र ने कही। बताया जाता है कि मानस मर्मज्ञ श्री बंसराज मिश्रा द्वारा विगत कई वर्षो से गांव में शनिवार व मंगलवार को सुंदरकांड पाठ आयोजन का एक क्रम शुरु कराया गया है। इसके तहत गांव के प्राय: सभी लोगों द्वारा बारी-बारी से शनिवार के दिन अपने-अपने आवास पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन कराया जाता है। उक्त पाठ का आयोजन मानव कल्याण की भावना के तहत कराया जाता है। मानस मर्मज्ञों का कहना है कि जिसके कार्यो से प्रभु श्री राम व माता सीता प्रसन्न हुई थी उसके श्रवण मात्र से मानव के सभी दुखों का अंत हो जाता है। विशेषकर कलिकाल में सुंदरकांड पाठ श्रवण का एक विशेष महत्व है। इस अवसर पर शरदचंद मिश्रा, अनिल मिश्रा, महानंद मिश्रा, नामवर मिश्रा, अवध बिहारी मिश्रा, विनीत मिश्रा, बनवारी मिश्रा, महेन्द्र मिश्रा, पन्नालाल मिश्र सहित भारी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।