अलीनगर। नगर पालिका परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 9 मुगलचक में जलजमाव की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। शुरुआती बारिश में ही बाढ़ जैसी स्थिति पूरे वार्ड में बनी हुई है। पानी भर जाने की वजह से महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों का बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसा नहीं है कि यह पहली बार हुआ है। विगत कई वर्षों से इस वार्ड में जलजमाव की समस्या है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था पालिका द्वारा न कराए जाने की वजह से बारिश के दिनों में वार्ड वासियों को जलजमाव से होने वाली दिक्कतों को झेलना पड़ता है। इसे लेकर कई बार ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि वार्ड नं ९ का विभिन्न आदर्श नगर कालोनी में समस्याओं का अम्बार है। मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है जहां पर जल भराव होने से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर इतनी फिसलन बढ़ गयी है कि लोगों का पैदल चलना दुश्वार हो गया है। लेकिन न तो वार्ड प्रतिनिधि सक्रिय है और ना ही पालिका ही ध्यान दे रही है। डीह बाबा जाने वाले मार्ग की स्थिति तो और खस्ताहाल है। प्रदर्शन करने वालो में मुख्य रूप से सोनी गुप्ता, नरेंद्र यादव, अवधेश सिंह, महेंद्र लारा, कन्हैया यादव, रामाकांत चौधरी, जसवंत तिवारी, प्रमोद यादव, संजय यादव आदि लोग शासन प्रशासन का ध्यान इस तरफ आकृष्ट कराने की कोशिश की है। ताकि उनकी समस्या से निजात मिल सके।
