Uncategorized

चक्की नौरंगा में छह और मकान गंगा में समाये



बैरिया (बलिया)। गंगा उसपार चक्की नौरंगा गांव में एक सप्ताह में कटान रुकने के बाद शुक्रवार की शाम से अचानक कटान शुरू हो गया और देखते ही देखते छह लोगों का आशियाना गंगा में विलीन हो गया। जिसमे वेदप्रकाश चौबे, कृष्ण कुमार चौबे, पारस नाथ चौबे, अनपूर्णा देवी, शांति देवी व लीलावती देवी का पक्का मकान शामिल हैं। अब तक कुल 132 लोगों का आशियाना गंगा में समा चुका हैं। गंगा की उतरती लहरों के साथ अचानक कटान शुरू हो जाने के कारण एक बार फिर चक्की नौरंगा गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया हैं। सुरेमनपुर दियरांचल के गोपालनगर टाड़ी व शिवाल मठिया गांव के सामने सरयू नदी में गुरुवार से शुरू कटान शनिवार को भी जारी रहा अब तक लगभग 10 एकड़ उपजाऊ जमीन सरयू नदी में विलीन हो चुका हैं। गोपालनगर टाड़ी पर कटान रोकने के लिए ग्रामीण झाड़ झंखाड़ व पेड़ो की टहनियां काटकर नदी में डाल रहे हैं बावजूद इसके कटान जारी है। प्रभुनाथ यादव, श्रीराम यादव, गौरीशंकर यादव, राम प्रकाश चौधरी, संजय चौधरी सहित दर्जनभर लोगों का कमान कटान के मुहाने पर है। ग्रामीणों का कहना है कि गोपालनगर टाड़ी पर जहा बाढ़ विभाग ने दो करोढ़ रुपये की लागत से कटान रोधी कार्य कराया था उसी के सटे बगल में कटान हो रहा है कई बार बाढ़ विभाग के अधिकारियों को फोन करके स्थिति बताने का प्रयास किया गया किन्तु बाढ़ विभाग का कोई भी कर्मचारी अधिकारी फोन नही उठा रहा। इस संबंध में उपजिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि गंगा और सरयू नदी से हो रहे कटान के बारे में मैं अवगत हूं दोनो जगहों पर स्थिति का जायजा लेने के लेखपालों को भेजा हूं चक्की नौरंगा में छह मकानों के कटान के जद में आने से विलीन होने सूचना है भौतिक सत्यापन के बाद कटान पीड़ितों को गृह अनुदान दे दिया जाएगा।
शिक्षक हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
मौका पाकर एक आरोपी फरार
बिल्थरारोड (बलिया)। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उभांव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार की आधी रात खंदवा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश नितीश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी नन्दपुर कुकर घाटी, थाना खामपार, जनपद देवरिया (24 वर्ष) के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया। जबकि उसका साथी विकास सोनकर, निवासी बहरज, थाना बरहज, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए नितीश ने पूछताछ में कबूला कि उसने अपने साथियों संग 16 सितम्बर को महिला अध्यापिका राधिका वर्मा से सोने की चेन छीनी थी। इसके अलावा साहूपुर में शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव और महिला अध्यापिका कंचन सिंह से चेन व अंगूठी लूटी थी। इसी दौरान शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश से एक पिस्टल, 2 खोखा, 3 जिन्दा कारतूस, बाइक और लूट के माल की बिक्री से प्राप्त 12,530 नकद बरामद किया है। घायल बदमाश का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पिकअप, शराब लूटकाण्ड में चार आरोपी गिरफ्तार
बैरिया(बलिया)। गत 13 सितम्बर को बैरिया -लालगंज मार्ग पर चांदपुर गांव के सामने लालगंज कम्पोजिट शराब की दुकान पर बैरिया के एक गोदाम से पिकअप पर लादकर जा रहे शराब व पिकअप लुटकाण्ड में बैरिया पुलिस द्वारा तीन और अभियुक्तों व एक बाल अपचारी के अलावा सोनू कुमार पासवान निवासी नैना थाना सहतवार व जयकिशन साह निवासी कुशहर बलिया, अंकुर वर्मा निवासी कुशहर थाना सहतवार को शनिवार को गिरफ्तार कर बैरिया पुलिस ने न्यायालय के सुपुर्द कर दिया है। इससे पूर्व 14 सितम्बर को इस मामले के आरोपी अभिषेक बर्मा निवासी सावन छपरा को गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द किया था। वही पिछली बुधवार की रात सावन छपरा निवासी आरोपी चैंपु उर्फ अभी राठौर को सोनबरसा-दलन छपरा मार्ग पर ओवरब्रिज के निकट मुठभेड़ में पुलिस ने पैर में गोली मारने के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इस प्रकरण का एफआईआर कराने वाले अंग्रेजी शराब लालगंज बाजार के अनुज्ञापि रविभूषण सिंह निवासी मधुबनी के तहरीर पर आठ नामजद सहित कुछ अज्ञात पर 14 सितम्बर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उक्त जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक बैरिया मूलचन्द चौरसिया ने बताया शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस लूटकाण्ड मे पांच लाख रुपये की अंग्रेजी शराब व पिकअप लूटी गई थी। जिसमे कुछ अंग्रेजी शराब व पिकअप पुलिस ने बरामद कर लिया है।
डीजल चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, तेल बरामद
बलिया। गड़वार थाना पुलिस ने टावर से डीजल चोरी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19.5 लीटर डीजल बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त टावर के सेंसर में छेड़छाड़ कर लंबे समय से ईंधन चोरी कर रहा था। मामला रिलायंस जियो टेलीकॉम कंपनी से जुड़ा है। कंपनी के अधिकारियों ने 17 सितम्बर को गड़वार थाने में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम खारुआंव निवासी अमित कुमार गुप्ता विभिन्न टावरों से अनधिकृत तरीके से डीजल चोरी कर रहा है। इस दौरान ईंधन की निगरानी करने वाले सेंसर के साथ छेड़छाड़ की जाती थी, ताकि डेटा में गलत जानकारी दर्ज हो और डीजल की चोरी छिपी रहे। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक पवन कुमार चौकी प्रभारी रतसर पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त अमित कुमार गुप्ता धनवती धुरा मोड़ के पास मौजूद है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 19.5 लीटर डीजल बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार गुप्ता पुत्र सत्यनारायण गुप्ता निवासी ग्राम खारुआंव थाना गड़वार के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय चालान कर दिया।
शिक्षक की मां से बदमाशों ने लूटी चेन
बलिया। बेल्थरारोड के उभांव थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को एक बदमाश ने मनियर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक पंकज कुमार की मां से सोने की चेन लूट ली। घटना कुन्डैल गांव की रहने वाली शंभा देवी के साथ हुई। बदमाश ने खुद को उनका परिचित बताया। उसने शंभा देवी को अपनी तबीयत खराब होने का झांसा देकर सोनाडीह तिनमुहानी पर बुलाया। वहां मौका देखकर उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। पीड़िता के बेटे पंकज ने पुलिस को इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। इलाके में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शिक्षक हत्याकांड और कई छिनैती की घटनाएं हो चुकी हैं। इन लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर और गुस्सा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस अपराध रोकने में विफल हो रही है। स्थानीय लोग पुलिस की गश्त और सुरक्षा के दावों पर सवाल उठा रहे हैं।
——————