Uncategorized

आप नेता संजय सिंह बोले, नमामि गंगे परियोजना में भ्रष्टाचार छिपाने के लिए यमुना का सहारा ले रही भाजपा


नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने मथुरा में देवराहा बाबा घाट के लोकार्पण के मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के यमुना को स्वच्छ बनाने के संबंध में दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी नमामि गंगे परियोजना में हुए भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए यमुना की आड़ ले रही है।

क्या कहा था सीएम योगी ने

आपको बता दें कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि संतों के अनुरूप ही हमें यमुना को निर्मल बनाना है। यह काम हम 2022 तक करने का प्रयास करेंगे। यमुना के साथ हमारी स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। हम यमुना जल को स्नान ही नहीं आचमन योग्य भी बना देंगे। दिल्ली सरकार को भी यमुना को निर्मल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

इस पर आप नेता संजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली में यमुना की अविरलता लौटाने की दिशा में गंभीरता से काम हो रहा है। इस पर केजरीवाल सरकार समेत दूसरे राज्य भी काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली जल बोर्ड ने एक याचिका दायर कर सुप्रीम कोर्ट से हरियाणा में प्रदूषित हो रही यमुना को बचाने की मांग भी की है।

उन्होंने नमामि गंगे परियोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में नमामि गंगे परियोजना भ्रष्टाचारियों की कमाई का जरिया बन गई है। संजय सिंह ने एनजीटी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि नमामि गंगे परियोजना पर जारी कुल बजट का महज 20 प्रतिशत ही सरकार खर्च कर पाई है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें केजरीवाल सरकार को सुझाव देने के बजाय यूपी में नमामि गंगे परियोजना पर ध्यान लगाना चाहिए और दिल्ली सरकार के यमुना को स्वच्छ बनाने के प्रयासों से सीख लेनी चाहिए।