पटना

बिक्रम में 19 से 22 जून तक होगी 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन


पटना (बिक्रम)।  प्रखंड के अख्तियारपुर-मंझौली स्थित साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में 19 से 22 जून तक 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में 25 मीटर एवं 50 मीटर वर्ग की राज्यस्तरीय निशानेबाजी स्पर्धाओं में बिहार के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन बिक्रम क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इसी शूटिंग रेंज में वर्ष 2025 में राज्यस्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था। साथ ही बिहार का पहला ईस्ट ज़ोनल शूटिंग चैंपियनशिप आयोजित करने का गौरव भी साकेत सिंह शूटिंग अकादमी को मिला था। 19 जून को आयोजित उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं खेल विभाग के अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं 22 जून को दोपहर 12 बजे समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

अकादमी के चेयरमैन साकेत सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे प्रतियोगिता के दौरान शूटिंग रेंज पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी और बिक्रम की खेल जगत में प्रतिष्ठा और मजबूत होगी।