पटना

36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य समापन, विजेता खिलाडिय़ों को किया गया सम्मानित


पटना (बिक्रम) : अख्तियारपुर-मझौली ग्राम पंचायत स्थित साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में सोमवार को आयोजित 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद  शिवेश कुमार, जिला जज शशिकांत राय, बिहार शूटिंग राइफल एसोसिएशन के सचिव कुमार त्रिपुरारी तथा वैष्णवी बीकॉन होटल के प्रबंध निदेशक  दिलीप कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 650 से अधिक निशानेबाज खिलाडिय़ों ने भाग लिया। खिलाडिय़ों ने अनुशासन, एकाग्रता और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिचय देकर सभी को प्रभावित किया। फायर आर्म्स स्पर्धा में अदिति शर्मा ने दो कांस्य और एक रजत, साकेत कुमार ने एक रजत, निलेश सांकृत ने तीन स्वर्ण एवं दो कांस्य तथा अंजन सिंह ने चार स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अयोध्या सिंह ने एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

अतिथियों ने विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ खिलाडिय़ों में आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करती हैं। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे भव्य आयोजनों के संकल्प को दोहराया।