बक्सर। चौगाईं प्रखंड के चौगाईं गांव निवासी अयोध्या सिंह एवं उनके पुत्र निलेश सांकृत ने 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। पिता-पुत्र की इस जोड़ी ने कुल 11 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
निलेश सांकृत ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक सहित कुल 10 पदक अपने नाम किए। उनकी यह उपलब्धि बिहार के उभरते युवा निशानेबाजों में उनकी मजबूत पहचान बना रही है। इससे पूर्व भी वे 35वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीत चुके हैं।
निलेश ने एयर पिस्टल का प्रशिक्षण पाटलिपुत्र गंस शूटिंग एकेडमी, पटना से प्राप्त किया, जहां उन्होंने 5 पदक जीते। वहीं फायर आर्म्स पिस्टल स्पर्धाओं के लिए साकेत सिंह शूटिंग एकेडमी से प्रशिक्षण लेकर 5 और पदक अपने नाम किए।
पुत्र की सफलता से प्रेरित होकर अयोध्या सिंह ने भी शूटिंग का प्रशिक्षण लिया और अपनी श्रेणी में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। इस प्रकार दोनों ने मिलकर 11 पदकों के साथ चैंपियनशिप में बक्सर जिले का नाम रोशन किया।
अयोध्या सिंह, जो पटना में एल्युमिनियम व्यवसाय से जुड़े हैं, ने व्यस्तताओं के बावजूद पुत्र के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में निरंतर सहयोग दिया। उनकी मेहनत, समर्पण और पारिवारिक सहयोग का ही परिणाम है कि आज यह पिता-पुत्र की जोड़ी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि दोनों भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार का नाम रोशन किया ।




