Uncategorized

दिल्ली-नोएडा वालों को बड़ी राहत, आज से खुला आश्रम फ्लाईओवर; CM केजरीवाल ने किया उद्घाटन


नई दिल्ली, लंबे समय से आश्रम फ्लाईओवर (Delhi Ashram Flyover) खुलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। दरअसल, आज सोमवार से आश्रम फ्लाईओवर को वाहनों के लिए खोल दिया गया है। 

सीएम केजरीवाल ने किया उद्घाटन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज आश्रम विस्तार फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है, इसके बन जाने से नोएडा से दिल्ली और उत्तरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली आना-जाना आसान हो जायेगा। यह 1425 मीटर लंबा है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार के समय सात साल में 27 फ्लाईओवर अंडरपास बनाए गए हैं। कुछ सालों में 15 और शुरू हो जाएंगे, इन पर काम चल रहा है। दिल्ली में कुल 101 फ्लाईओवर और अंडरपास हैं। हालांकि फ्लाईओवर पर अभी भी छोटा-मोटा काम शेष है। इन सबके बीच सोमवार को इसे जनता के लिए खोल दिया गया है।

आज से दौड़ सकेंगे हल्के वाहन

ताजा जानकारी के मुताबिक, सराय काले खां की ओर से आश्रम जाने वाले लोग अभी इस फ्लाईओवर का उपयोग नहीं कर सकेंगे। इसकी मुख्य वजह फ्लाईओवर के चढ़ने के स्थान के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन है। लाइन को हटाने के बाद ही इसे शुरू किया जा सकेगा।

jagran

इस कार्य में लगभग 2 महीने का समय लग सकता है। आश्रम से सराय काले खां और डीएनडी से आश्रम की ओर आवाजाही के लिए यातायात सोमवार से शुरू कर दिया जाएगा। इससे लोगों को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन अभी फ्लाईओवर पर केवल हल्के वाहन ही गुजर सकेंगे।

इन वाहनों को नहीं मिलेगी फ्लाईओवर में एंट्री

फ्लाईओवर का उपयोग ढाई मीटर अधिक से अधिक ऊंचाई वाले वाहन नहीं कर सकेंगे। हाईटेंशन लाइन हटाने के बाद ही फ्लाईओवर को बड़े वाहनों के लिए खोला जा सकेगा। वहीं, सराय काले खां से आश्रम की ओर जाने के लिए अभी वाहन चालकों को दो माह का इंतजार करना होगा।

पांच बार बढ़ी समय-सीमा

  • जून 2020 में एक प्राइवेट कंपनी को पीडब्ल्यूडी ने काम सौंपा था।
  • 12 महीनों में निर्माण कार्य पूरा होना था।
  • जून 2021 तक काम पूरा नहीं हो सका।
  • 30 सितंबर 2022 नई डेडलाइन रखी गई थी।
  • काम पूरा नहीं हुआ तो 30 नवंबर 2022 नई समयसीमा बनाई गई।
  • फिर 28 फरवरी 2023 डेडलाइन बनाई गई, फिर भी काम पूरा नहीं हो सका था।
  • निर्माण में 33 महीने का समय लगा है। हालांकि अब भी कुछ काम बाकी हैं।

ऐसे बढ़ा खर्च

  • करीब 128.79 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान था।
  • जनवरी 2023 तक पीडब्ल्यूडी अफसर एजेंसी को 142.54 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुके हैं।
  • इस तरह करीब 13.75 करोड़ रुपये अधिक खर्च हुए हैं।

बिजली की लाइन का न हट पाना बड़ी समस्या

रिंग रोड पर जिस स्थान पर आश्रम एक्सटेंशन फ्लाईओवर बनाया गया है, इसकी नोएडा डीएनडी की ओर से आने जाने वाली लेन के ऊपर से यह लाइन गुजर रही है। बिजली के तारों की यही लाइन फ्लाईओवर की सराय काले खां की ओर से आश्रम जाने वाली लेन के ऊपर से भी गुजर रही है।

इस हिस्से में बिजली के तारों की फ्लाईओवर के उस भाग के बीच ऊंचाई कम है जिस भाग का फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए उपयोग किया जाना है। इस भाग में सराय काले खां की ओर से आश्रम जाने वाले भाग पर ही अधिक जाम लगता है।